रानीपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, बीएनएस और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
ए. गुप्ता
हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम राजपुर में दो नाबालिग बालिकाओं के साथ कथित छेड़छाड़ और दुष्कर्म के मामले में रानीपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं पॉक्सो अधिनियम की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई को पीड़ित बच्चियों के परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर कोतवाली रानीपुर में मामला दर्ज किया गया। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 64, 65(2) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 3(क)/4(2) के तहत कार्रवाई की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक रानीपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने तत्काल पीड़िताओं का मेडिकल परीक्षण कराते हुए आवश्यक साक्ष्य जुटाए और आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के लगभग 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अग्रिम विधिक कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराधों के मामलों में त्वरित कार्रवाई सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।












Leave a Reply