कांवड़ यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, चौथे दिन 31.50 लाख शिवभक्त गंगाजल लेकर लौटे

Spread the love

अब तक 76.85 लाख श्रद्धालु हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर हुए रवाना, प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाएं की और मजबूत

अमित गुप्ता 

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान आस्था का जनसैलाब लगातार बढ़ता जा रहा है। कांवड़ मेले के चौथे दिन रविवार को लगभग 31 लाख 50 हजार शिवभक्त हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। इसके साथ ही यात्रा शुरू होने से अब तक 76 लाख 85 हजार श्रद्धालु हरिद्वार से गंगाजल लेकर विभिन्न राज्यों के लिए प्रस्थान कर चुके हैं। मेला कंट्रोल रूम में स्थापित पुलिस कंट्रोल रूम से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार चौथे दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। बड़ी संख्या में कांवड़िए हर की पैड़ी सहित विभिन्न घाटों से गंगाजल भरकर ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ अपने गंतव्यों की ओर रवाना हुए। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ किया है। प्रमुख स्नान घाटों, कांवड़ मार्गों तथा संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ यातायात, स्वास्थ्य, स्वच्छता और आपात सेवाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और निर्बाध बनाए रखने के लिए सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी लगातार अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। साथ ही श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित कांवड़ मार्गों का ही उपयोग करें, प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित कांवड़ यात्रा के संचालन में सहयोग प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *