उपचुनाव परिणाम भाजपा के लिए चेतावनी, प्रत्याशी का चेहरा भी अहम : डॉ. गगन मिश्र 

Spread the love

कांग्रेस नेताओं ने कहा—जनता का भरोसा कम होने के संकेत, छात्र आंदोलन के असर का भी दिखा प्रभाव

पी.के.गुप्ता

गयाजी। जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष डॉ. गगन कुमार मिश्र एवं कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री डॉ. देविका सर्यार मिश्र ने बांकीपुर और दतिया उपचुनाव के परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा की हार जनता के बदलते राजनीतिक रुझान का स्पष्ट संकेत है। उन्होंने दावा किया कि इन नतीजों से यह संदेश मिलता है कि भाजपा के प्रति जनता का विश्वास लगातार कमजोर पड़ रहा है।   डॉ. गगन कुमार मिश्र ने कहा कि हाल के छात्र आंदोलन के दौरान केंद्र और राज्य सरकार के रवैये से आम लोगों में असंतोष बढ़ा, जिसका असर उपचुनाव के परिणामों में देखने को मिला। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता समय-समय पर अपने मतदान के माध्यम से सरकारों को स्पष्ट संदेश देती है और उपचुनाव के नतीजे उसी का उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव केवल किसी राजनीतिक दल के नाम पर नहीं जीते जाते, बल्कि प्रत्याशी की छवि, जनसंपर्क, कार्यशैली और जनता के बीच उसकी स्वीकार्यता भी निर्णायक भूमिका निभाती है। इसलिए राजनीतिक दलों को टिकट वितरण के समय स्थानीय नेतृत्व और जनता की भावनाओं का विशेष ध्यान रखना चाहिए।  डॉ. मिश्र ने आरोप लगाया कि बिहार में भाजपा के पास मुख्यमंत्री पद के लिए ऐसा चेहरा नहीं है, जिसे व्यापक जनस्वीकृति प्राप्त हो। उन्होंने कहा कि पिछला विधानसभा चुनाव भाजपा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ा था, लेकिन बाद की राजनीतिक परिस्थितियों में सत्ता की दिशा बदल गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उपचुनाव के नतीजे भाजपा के लिए एक गंभीर राजनीतिक संदेश हैं और आगामी विधानसभा चुनाव में जनता विकास, जनहित और विश्वसनीय नेतृत्व के आधार पर अपना निर्णय करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *