मिर्जा गालिब कॉलेज में एनएसएस ओरिएंटेशन कार्यक्रम, स्वयंसेवकों को सामाजिक जिम्मेदारियों का कराया बोध
पी. के. गुप्ता
गयाजी। युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी, सेवा भावना और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध विकसित करने के उद्देश्य से मिर्जा गालिब कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नए स्वयंसेवकों को एनएसएस के उद्देश्यों, गतिविधियों और समाज के प्रति उनकी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मो. अली हुसैन ने कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों को समाज से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके जरिए युवा समाज और देश के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़ना गौरव की बात है और युवाओं को सेवा के माध्यम से समाज को सशक्त बनाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से एनएसएस की विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को ‘मेरा भारत’ पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। वहीं, नशा मुक्त भारत अभियान के तहत वीडियो के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। वक्ताओं ने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखकर ही स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है। कॉलेज के सचिव शकील अहमद खान ने नए स्वयंसेवकों को शुभकामनाएं देते हुए एनएसएस की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सिद्धार्थ गौतम ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. मो. सफदर अली ने किया। इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. जोफैल हसन, डॉ. इरफाना नाहिद सहित विभिन्न विभागों के अध्यक्ष, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।कार्यक्रम की जानकारी कॉलेज के मीडिया प्रभारी डॉ. इबरार खान एवं डॉ. अकरम वारिस ने दी।












Leave a Reply