गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी
पी. के. गुप्ता
गयाजी। महान दार्शनिक, साहित्यकार, शिक्षाविद, नोबेल पुरस्कार विजेता एवं राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के रचयिता गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। उपस्थित लोगों ने गुरुदेव के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने कहा कि रवीन्द्रनाथ टैगोर ने अपने साहित्य, दर्शन और शिक्षा के माध्यम से भारतीय संस्कृति को विश्व पटल पर नई पहचान दिलायी। उनका साहित्य आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि ‘जन गण मन’ प्रत्येक भारतीय में राष्ट्रभक्ति की भावना का संचार करता है। वहीं, शांतिनिकेतन की स्थापना के माध्यम से गुरुदेव ने शिक्षा को नई सोच और दिशा प्रदान की। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजेंद्र प्रसाद अधिवक्ता ने कहा कि गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर के विचार समाज को एकता, सद्भाव, प्रेम और मानवता का संदेश देते हैं। उनकी रचनाएं और विचार आज भी प्रासंगिक हैं। नई पीढ़ी को उनके आदर्शों और विचारों को आत्मसात कर समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में योगदान देना चाहिए। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में श्याम किशोर मिश्रा, समृद्धि साक्षी, प्रिया, क्षितिजा कौशिक, रविंद्र कुमार, सुधीर कुमार, संतोष कुमार, आकाश कुमार, मंटू कुमार, बबलू गुप्ता, राजू मिश्रा, गोपाल यादव, दीपक कुमार पांडे, सुनील मिश्रा सहित अन्य लोगों ने गुरुदेव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी।












Leave a Reply