बीएचईएल के जंगल में घायल मिली नाबालिग, आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने दबोचा, नशीला पदार्थ पिलाकर वारदात का आरोप

एम. पारिक

हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में नाबालिग बालिका के साथ कथित दुष्कर्म और उसकी हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि उसने बालिका को नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में मारपीट कर जान से मारने की नीयत से उसे बीएचईएल के जंगल में घायल अवस्था में छोड़ दिया। पुलिस के मुताबिक 4 अगस्त को सेक्टर-4 केंद्रीय विद्यालय बीएचईएल के पास जंगल और झाड़ियों में एक नाबालिग बालिका घायल अवस्था में मिली थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल से एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया। पुलिस ने बालिका के परिजनों की जानकारी जुटाकर उन्हें घटना की सूचना दी। पुलिस के अनुसार, बालिका ने अपने परिजनों और पुलिस को बताया कि 3 अगस्त को शेखर नाम का युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। आरोप है कि युवक ने उसे नशीला पदार्थ पिलाने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद मारपीट कर उसे जान से मारने की नीयत से बीएचईएल के जंगल में छोड़कर फरार हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर रानीपुर कोतवाली पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। पुलिस टीम ने पीड़िता के बयान दर्ज करने के साथ ही आरोपी की तलाश शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने सुरागरसी-पतारसी के साथ घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश तेज कर दी। लगातार प्रयास के बाद पुलिस ने पुराना पथरी पावर हाउस के पास से आरोपी शेखर उर्फ सनोज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेखर उर्फ सनोज पुत्र यशपाल, निवासी ग्राम मिलक जहांगीराबाद, थाना धामपुर, बिजनौर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी ब्रह्मपुरी, थाना सिडकुल, हरिद्वार, उम्र करीब 21 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *