लेखक गांव की रचनात्मक पहल से प्रभावित हुए भाजयुमो राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या

Spread the love

साहित्य, संस्कृति और युवा पीढ़ी को जड़ों से जोड़ने के प्रयासों की सराहना

अमित कुमार

देहरादून। देश के पहले लेखक गांव में लोकसभा सांसद एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या का आगमन हुआ। इस अवसर पर लेखक गांव की निदेशक विदुषी ‘निशंक’ ने उनका स्वागत किया और लेखक गांव की परिकल्पना, उद्देश्यों तथा साहित्य, संस्कृति एवं युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने के लिए किए जा रहे विभिन्न प्रयासों की जानकारी दी। विदुषी ‘निशंक’ ने कहा कि तेजस्वी सूर्या देश के युवा नेतृत्व की एक सशक्त आवाज हैं। स्पष्ट विचार, प्रखर वक्तृत्व और राष्ट्रहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता उन्हें युवाओं के बीच विशिष्ट पहचान दिलाती है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी की आकांक्षाओं को ऊर्जा और आत्मविश्वास के साथ राष्ट्रीय पटल पर रखने का उनका प्रयास युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना और उन्हें आधुनिक भारत की चुनौतियों एवं अवसरों के लिए तैयार करना लेखक गांव की यात्रा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। साहित्य और संस्कृति के माध्यम से युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने के लिए यहां लगातार रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।  इस अवसर पर तेजस्वी सूर्या ने लेखक गांव की परिकल्पना तथा यहां संचालित साहित्यिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने लेखक गांव की इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति और विरासत से जोड़ने के साथ देश के बौद्धिक एवं रचनात्मक वातावरण को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने लेखक गांव की गतिविधियों को युवाओं के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि साहित्य और संस्कृति से जुड़ाव नई पीढ़ी को अपनी पहचान और विरासत को समझने का अवसर प्रदान करता है।कार्यक्रम में भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विपुल मैंदोली, युवा मोर्चा प्रदेश मंत्री आर्यन देव उनियाल, कोटद्वार जिलाध्यक्ष शांता बर्मादा, प्रदेश मंत्री युवा मोर्चा अजय उनियाल, बालकृष्ण चमोली, अरविंद नेगी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *