महामंडलेश्वर संदीप खत्री का हुआ पट्टाभिषेक, महंत डॉ. रविंद्र पुरी ने दिया आशीर्वचन
अमित गुप्ता
मुजफ्फरनगर। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास विश्व महापीठ भारत के तत्वावधान में पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर संदीप खत्री का भव्य पट्टाभिषेक समारोह श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। समारोह में बड़ी संख्या में संतजन, समाजसेवी और श्रद्धालु शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन भोपा रोड स्थित एसडी कॉलेज के सामने पंजाबी बारात घर में किया गया। समारोह में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं मां मनसा देवी ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी का पावन सानिध्य प्राप्त हुआ। उन्होंने नवनियुक्त पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर संदीप खत्री को आशीर्वाद प्रदान करते हुए गुरु रविदास जी के आदर्शों और संदेशों को समाज के बीच पहुंचाने का आह्वान किया।
अपने आशीर्वचन में श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी ने गुरु रविदास जी के प्रसिद्ध संदेश “मन चंगा तो कठौती में गंगा” का उल्लेख करते हुए कहा कि मन की पवित्रता, सद्भावना और मानव सेवा ही सच्ची आध्यात्मिकता का आधार है। उन्होंने समाज में समानता, प्रेम और भाईचारे की भावना को मजबूत करने पर जोर दिया। समारोह के दौरान संतजनों एवं वक्ताओं ने सामाजिक समरसता, समानता, मानव सेवा और गुरु रविदास के आदर्शों पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि गुरु रविदास जी की शिक्षाएं आज भी समाज को एकता, सद्भाव और समानता का मार्ग दिखाती हैं। पट्टाभिषेक समारोह के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। उपस्थित संतजनों और श्रद्धालुओं ने नवनियुक्त पीठाधीश्वर को शुभकामनाएं देते हुए गुरु रविदास के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों की ओर से समारोह में उपस्थित सभी संतजनों, अतिथियों, समाजसेवियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया गया। श्रद्धालुओं ने कहा कि गुरु महाराज के आशीर्वाद से आयोजित यह समारोह आध्यात्मिक दृष्टि से प्रेरणादायी और सामाजिक समरसता का संदेश देने वाला रहा।












Leave a Reply