“आपुनु पहाड़ अपनु संस्कृति” के तत्वावधान में एक दिवसीय भव्य कौथिग का हुआ आयोजन

Spread the love

ए. गुप्ता
देहरादून। बालावाला स्थित गंगा फार्म वेडिंग प्वाइंट में “आपुनु पहाड़ अपनु संस्कृति” के तत्वावधान में एक दिवसीय भव्य कौथिग (सांस्कृतिक महोत्सव) का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराएं, खान-पान एवं पहाड़ी पहचान की जीवंत झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरीश रावत उपस्थित रहे। वहीं कार्यक्रम के संयोजक पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी, प्रवीण पुरोहित एवं हेमा पुरोहित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ किया गया, जिसके पश्चात विभिन्न सांस्कृतिक दलों एवं लोक कलाकारों द्वारा रंगारंग प्रस्तुतियां दी गईं। कलाकारों ने झोड़ा, चांचरी, थड्या, जौनसारी एवं गढ़वाली-कुमाऊंनी लोक गीतों और नृत्यों के माध्यम से दर्शकों का मन मोह लिया। कौथिग में स्थानीय हस्तशिल्प, पारंपरिक व्यंजन, पहाड़ी उत्पाद एवं सांस्कृतिक झलकियों से सजे स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों, संस्कृति प्रेमियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं महिलाओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। इस अवसर पर आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं एवं लोक कलाओं का संरक्षण एवं संवर्धन करना है, साथ ही नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ना है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सभी सहयोगियों, कलाकारों, अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिसके लिए आयोजकों ने सभी का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *