कांग्रेस बताये राष्ट्रसेवकों का अपमान किस राजनीति की पहचान है? माफी मांगे गोदियाल: भाजपा

Spread the love

एनएसए डोभाल के योगदान पर सवाल अपमानजनक और कांग्रेस की घटिया राजनीति: चौहान

अमित कुमार

देहरादून। भाजपा ने देश के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल के योगदान पर कांग्रेस के सवालों की कड़ी भर्त्सना करते हुए इसे कांग्रेस की घटिया राजनीति करार दिया है। प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल एनएसए को लेकर विवादित बोल और सवाल कर आखिर क्या साबित करना चाहते हैं? जिस व्यक्ति ने दशकों तक देश की आंतरिक व बाहरी सुरक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया, उनके योगदान का 0.001% भी अगर कांग्रेसी दिग्गज कर पाए हो, तो वह सार्वजनिक रूप से बताए। श्री चौहान ने कहा कि अजित डोभाल केवल एक पद नहीं, बल्कि राष्ट्र की सुरक्षा व्यवस्था का मजबूत स्तंभ हैं। उनसे वैचारिक असहमति हो सकती है, लेकिन उनके और उनके परिवार के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करना न सिर्फ शर्मनाक है, बल्कि यह राजनीति के गिरते स्तर को भी उजागर करता है। उन्होंने कहा कि देवभूमि के लाल और राष्ट्र के सम्मान पर इस तरह का हमला पहाड़ी समाज कभी स्वीकार नहीं करेगा। यह सीधा-सीधा देश की सेवा करने वालों के मनोबल पर प्रहार है। सवाल यह भी उठता है कि जब राजनीतिक बहस कमजोर पड़ जाती है, तब क्या व्यक्तित अपमानजनक टिप्पणियां ही आख़िरी हथियार बचता है? यह और भी गंभीर बात है कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जैसे जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति की भाषा राजनीतिक आलोचना से ज़्यादा उन बयानों से मेल खाती दिखती है, जिनका इस्तेमाल देश विरोधी ताकतें करती रही हैं। क्या यही कांग्रेस की आज की राजनीति है? कांग्रेस अध्यक्ष को यह समझना चाहिए कि सार्वजनिक पद पर बैठकर बोला गया हर शब्द जिम्मेदारी मांगता है। राष्ट्र के सम्मान और उसके सेवकों का अपमान किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष से मामले मे फ़ौरन सार्वजनिक माफी की मांग करते हुए कहा कि नैतिकता और लोकतांत्रिक मूल्यों की कसौटी पर खरा उतरने के लिए अब एक ही रास्ता बचता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *