प्रेम विवाह की रंजिश में किसान पर किया जानलेवा हमला

Spread the love

*खेत पर घेरकर की मारपीट, छह नामजद पर मुकदमा दर्ज*

एम. पारिक

हरिद्वार। प्रेम विवाह की रंजिश ने गांव में हिंसक रूप ले लिया। खेत देखने गए एक किसान पर चार-पांच लोगों ने घेरकर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए किसान को जमीन पर गिराया और बलकटी की मूंठ से दोनों पैरों पर वार कर उसकी हड्डियां तोड़ दीं। शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी तहरीर में बुक्कनपुर निवासी अंकुश ने बताया कि उसके भाई अंशू ने गांव की एक युवती से प्रेम विवाह किया है, जिससे युवती के परिजन बेहद नाराज हैं और लंबे समय से परिवार को परेशान कर रहे हैं। इसी रंजिश के चलते परिवार को घर छोड़कर भटकना पड़ रहा है। आरोप है कि 27 जनवरी की शाम करीब चार बजे अंकुश के पिता स्वराज अपने खेतों में फसल देखने पहुंचे थे। तभी युवती के पिता रतन सिंह, उसके बेटे आशीष, धर्मेंद्र, निकेश, सुनील और शिवम कुमार मौके पर पहुंचे और अभद्र गालियां देते हुए हमला कर दिया। हमलावरों ने स्वराज को गिराकर लात-घूंसों से पीटा और बलकटी की मूंठ से दोनों पैरों पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित के शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। धमकी दी गई कि यदि आगे गांव में परिवार का कोई सदस्य दिखा तो सभी को जान से मार दिया जाएगा। थानाध्यक्ष मनोज नौटियाल ने बताया कि आज मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले में अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *