एस. गुप्ता
हरिद्वार। डी.पी.एस. दौलतपुर में स्केटिंग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में कक्षा 1 से 9 तक के विद्यार्थियों ने अत्यंत उत्साह एवं उमंग के साथ भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के खेल मैदान में किया गया, जिसे रंग-बिरंगे झंडों से आकर्षक रूप से सजाया गया था।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के खेल विभाग द्वारा किया गया। इस अवसर पर खेल विभाग के शिक्षक संजीत सिंह नेगी, राजेन्द्र नौटियाल एवं अल्का सैनी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल हमारे जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास एवं टीम भावना के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रतियोगिता के अंतर्गत स्पीड रेस सहित विभिन्न स्केटिंग स्पर्धाओं का आयोजन किया गया, जिनमें विद्यार्थियों ने अपने उत्कृष्ट कौशल, संतुलन एवं आत्मविश्वास का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन के दौरान खेल विभाग के कोच उपस्थित रहे और उन्होंने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती पूनम श्रीवास्तव ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी। यह स्केटिंग प्रतियोगिता विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक एवं स्मरणीय सिद्ध हुई।











Leave a Reply