आर. के. जोशी
गोगामेड़ी। नोहर क्षेत्र के गोगामेड़ी स्थित श्री गोगा जी मंदिर के समक्ष श्रीमद्भागवत कथा का विधिवत शुभारंभ श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम भारत माता आश्रम के महंत योगी रामनाथ अवधूत तथा हरिद्वार से पधारे महामंडलेश्वर स्वामी सत्यानंद गिरी के सानिध्य में आयोजित हुआ। कथा आरंभ से पूर्व रतननाथ समाधि एवं गोगा जी समाधि से कथा पंडाल तक भव्य कलश यात्रा निकाली गई। श्रद्धालु महिलाओं द्वारा सिर पर कलश धारण कर निकाली गई इस यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। व्यास पीठ से विद्वान ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश पूजन एवं श्रीमद्भागवत पूजन संपन्न कराया। कथा व्यास अनिल कृष्ण महाराज का पारंपरिक रूप से दुपट्टा ओढ़ाकर एवं श्रीफल भेंट कर स्वागत किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए योगी रामनाथ अवधूत ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा मानव जीवन को धर्म, भक्ति और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है तथा समाज में आध्यात्मिक जागरण का माध्यम बनती है। इस कार्यक्रम में गोगाजी मंदिर के मुख्य पुजारी मदन लाल स्वामी, देवस्थान विभाग के प्रबंधक लाल चंद छींपा ,सुशील स्वामी, कैलाश स्वामी रामगढ़, नंद लाल स्वामी, मूर्तिकार गोपाल तिवाड़ी, डॉ कृष्ण चंद्र, भाजपा नगर मंत्री दशरथ गौड, दलीप सुथार, मार्कण्डेय धर्म शाला के राजेंद्र जांगड़ा, सूरजभान शर्मा एवं अन्य श्रोतागण सहित अनेक संत-महात्मा, गणमान्य नागरिक एवं मातृशक्ति बड़ी संख्या में उपस्थित रही। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और कथा स्थल पर भक्ति, आस्था और आध्यात्मिकता का वातावरण बना रहा।












Leave a Reply