केपीएस चौहान
हरिद्वार। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश नरेंद्र दत्त ने जिला न्यायालय परिसर से विधिक जागरूकता मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने बताया कि वैन 10 और 11 मार्च को जनपद के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेगी। इस अभियान के माध्यम से दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को नि:शुल्क कानूनी सहायता के प्रति जागरूक किया जाएगा। इस से सर्वोच्च न्यायालय की ओर से संचालित राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान 2.0 का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। प्राधिकरण की प्रभारी सचिव ज्योति बाला ने बताया कि मोबाइल वैन के माध्यम से 14 मार्च को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत तथा स्थायी लोक अदालत के बारे में भी जनता को विस्तार से जानकारी प्रदान की जाएगी। भ्रमण के दौरान वैन में तैनात पैनल अधिवक्ता, पी.एल.वी. व अधिकार मित्र मौके पर ही जनता को विधिक जानकारी देंगे । नालसा का हेल्पलाइन नंबर 15100 और “एक मुट्ठी आसमान” जैसे जागरूकता संदेशों का प्रचार करेंगे। इस अवसर पर जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जस महेंद्र सिंह, सभी न्यायिक अधिकारीगण, कर्मचारीगण, प्राधिकरण के एल.ए.डी.सी.अधिवक्ता, मीडियेटर अधिवक्ता एवं पैनल अधिवक्ता आदि उपस्थित रहे।











Leave a Reply