नोहर क्षेत्र की रेल उपेक्षा को लेकर रेल मंत्री को ज्ञापन, कई अहम मांगें रखीं

Spread the love

गुरवीर सिंह

नोहर (हनुमानगढ़)। सादुलपुर–हनुमानगढ़ रेल मार्ग पर लगातार उपेक्षा और अपर्याप्त रेल सुविधाओं को लेकर नोहर क्षेत्र के नागरिकों ने  रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को ज्ञापन भेजकर गंभीर समस्याओं से अवगत कराया है। ज्ञापन स्टेशन अधीक्षक नोहर के माध्यम से प्रेषित किया गया।
ज्ञापन में बताया गया कि यह रेल मार्ग लंबे समय से अनदेखी का शिकार है। क्षेत्रवासियों द्वारा अब तक हजारों पत्राचार किए जाने के बावजूद न तो रेलवे प्रशासन और न ही जनप्रतिनिधियों की ओर से कोई संतोषजनक जवाब मिला है, जिससे जनता में भारी नाराजगी और निराशा व्याप्त है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि वर्तमान में ट्रेनों का संचालन 8–8 घंटे के अंतराल पर हो रहा है तथा लोकल ट्रेनों को रात्रि समय में चलाया जा रहा है, जो यात्रियों के लिए अत्यंत असुविधाजनक है। ज्ञापन में प्रमुख मांगों में हनुमानगढ़–ऐलनाबाद–नोहर–गोगामेड़ी–भादरा मार्ग से दिल्ली इंटरसिटी ट्रेन शुरू करने, गंगानगर–गुवाहाटी ट्रेन को पुनः स्थायी रूप से संचालित करने तथा सिख बहुल क्षेत्र होने के कारण आनंदपुर साहिब के लिए सीधी रेल सेवा प्रारंभ करने की मांग शामिल है। इसके अतिरिक्त, हनुमानगढ़–सादुलपुर पैसेंजर ट्रेनों को फास्ट पैसेंजर में परिवर्तित कर जयपुर व बीकानेर तक विस्तार, ट्रेनों के समय में बदलाव तथा गंगानगर–दिल्ली तिलक ब्रिज ट्रेन को पूर्ण एक्सप्रेस का दर्जा देकर गुवाहाटी या अलीपुरद्वार तक बढ़ाने की मांग भी रखी गई है।
साथ ही नोहर के शिवाजी बस स्टैंड व पुलिस थाना के पास स्थित रेलवे अंडरपास की जर्जर स्थिति तथा रेलवे स्टेशन के मुख्य पार्किंग चौक के पुनर्निर्माण की आवश्यकता पर भी ध्यान आकृष्ट कराया गया। क्षेत्रवासियों ने रेल मंत्री से जनहित में शीघ्र हस्तक्षेप कर सभी समस्याओं का समाधान कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *