नोहर (सुमेर)।
नोहर। जिला परिवहन कार्यालय नोहर में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–जनवरी 2026 के अंतर्गत आयोजित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का समापन समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम प्रादेशिक परिवहन अधिकारी बीकानेर के निर्देशानुसार जिला परिवहन अधिकारी नोहर नरेश पुनिया के नेतृत्व में एवं परिवहन निरीक्षक श्री रायसिंह के संयोजन में आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता राहुल श्रीवास्तव (आईएएस), उपखण्ड अधिकारी एवं उपखण्ड मजिस्ट्रेट, नोहर तथा श्रीमती गीता चौधरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नोहर ने की। कार्यक्रम में जिला एवं ब्लॉक स्तर के अनेक प्रशासनिक अधिकारी, चिकित्सक, शिक्षाविद्, परिवहन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।*मुख्य अतिथि व विशिष्ट उपस्थिति*
कार्यक्रम में नरेश कुमार पुनिया (जिला परिवहन अधिकारी, हनुमानगढ़), डॉ. सन्तलाल छिम्पा (आई.एम.ए. अध्यक्ष), डॉ. गौरव बैनिवाल, ओमप्रकाश बुडानिया (मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रतिनिधि), राजेन्द्र सिहाग (जासाना) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
*सड़क नियमों के पालन पर दिया गया संदेश*
उपखण्ड अधिकारी राहुल श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने का सबसे प्रभावी उपाय यातायात नियमों का सख्ती से पालन है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि हेलमेट, सीट बेल्ट, गति सीमा और मोबाइल फोन के उपयोग जैसे नियमों को गंभीरता से अपनाएं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती गीता चौधरी ने दुर्घटनाओं से बचाव के लिए सावधानी, जागरूकता और जिम्मेदार ड्राइविंग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। वहीं डॉ. सन्तलाल छिम्पा ने सड़क दुर्घटनाओं के बाद उत्पन्न होने वाली चिकित्सकीय एवं सामाजिक परिस्थितियों की जानकारी देते हुए समय पर प्राथमिक उपचार और एम्बुलेंस सेवा की भूमिका पर जोर दिया।
*चित्र प्रदर्शनी व सम्मान समारोह*
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा जिला परिवहन कार्यालय नोहर में सड़क सुरक्षा से संबंधित किए गए कार्यों की चित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया एवं उसका अवलोकन किया गया। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत शिक्षा विभाग के सहयोग से आयोजित निबंध, स्लोगन, पत्र-लेखन एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों एवं जागरूकता अभियान में योगदान देने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र व पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।इस कार्यक्रम के लिए राजू प्रेमी ने यातायात के लिए गाने लिखे जिसके लिए उनको सम्मानित किया गया तथा अनेक बच्चों को भी सम्मानित किया गया।
*सड़क सुरक्षा शपथ के साथ समापन*
समारोह के अंत में परिवहन निरीक्षक रायसिंह द्वारा सभी उपस्थित नागरिकों, अधिकारियों एवं विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल एक अभियान नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम का समापन सकारात्मक संदेश एवं जागरूक समाज के संकल्प के साथ किया गया।









Leave a Reply