सोंडाहा क्षेत्र में नक्सलियों का जखीरा बरामद, सीआरपीएफ ने बड़ी साजिश को किया नाकाम

Spread the love

पी.के.गुप्ता

गयाजी। गया जिले के सोंडाहा क्षेत्र में सुरक्षा बलों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। 47 बटालियन सीआरपीएफ “डी”कंपनी द्वारा चलाए गए विशेष सर्च एंड डेस्ट्रॉय ऑपरेशन (SADO Ops) के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए विस्फोटक, हथियार और अन्य सामग्री का जखीरा बरामद किया गया है।यह कार्रवाई सहायक कमांडेंट श्री राजेश कुमार मौर्य के नेतृत्व में की गई। पुलिस थाना लुतुआ अंतर्गत मोहराव गांव से लगभग तीन किलोमीटर पश्चिम तथा सोंडाहा कैंप से करीब 7.3 किलोमीटर पश्चिम स्थित एक गुफा से सुबह करीब 11:10 बजे यह बरामदगी हुई। यह क्षेत्र गया, बिहार में स्थित है।

*विस्फोटक और सामग्री बरामद*

सर्च ऑपरेशन के दौरान मौके से बड़ी मात्रा में विस्फोटक और दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की गई। इनमें 2.5 किलोग्राम का IED, तीन पाइप बम, पांच जिंदा कारतूस, बैटरी, इलेक्ट्रिक वायर, गैस लाइटर, नक्सली वर्दी की पैंट, दवाइयां, कंबल, सर्फ पाउडर सहित अन्य सामान शामिल है।

*मौके पर ही किया गया नष्टिकरण*

बरामद किए गए IED और पाइप बमों को बम निरोधक दस्ते द्वारा दोपहर 12:45 बजे सुरक्षित तरीके से मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। विस्फोटकों के नष्टिकरण के बाद आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन कोई अन्य संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

*बड़ी साजिश नाकाम*

सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि बरामद सामग्री का उपयोग नक्सली किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने में कर सकते थे। समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया गया है।

*इलाके में बढ़ाई गई निगरानी*

घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ा दी गई है। सुरक्षा बलों द्वारा लगातार गश्त और तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि किसी भी तरह की नक्सली गतिविधि पर रोक लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *