पंकज कुमार जोशी
ऐलनाबाद। सिरसा की सांसद कुमारी शैलजा के ऐलनाबाद आगमन पर पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में जन समस्याओं को लेकर बैठक आयोजित की गई। इस दौरान क्षेत्र की रेल सुविधाओं से जुड़ी अहम मांगों को लेकर रेल जल संघर्ष समिति (रेल जल सेवा) की ओर से सांसद को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया। रेल संघर्ष समिति (रेल जल सेवा) की ओर से यह ज्ञापन एमपी तवर, यशपाल मैदान क्षेत्र के प्रतिनिधि नवीन शर्मा द्वारा सौंपा गया। ज्ञापन में ऐलनाबाद क्षेत्र की लंबे समय से लंबित रेल समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।
ज्ञापन में मांग की गई कि हनुमानगढ़ से बीकानेर (दिल्ली) इंटरसिटी ट्रेन को ऐलनाबाद–नोहर–भादरा–सादुलपुर मार्ग से संचालित किया जाए, ताकि सुबह के समय दिल्ली जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिल सके। वर्तमान में इस रूट पर कोई भी ट्रेन उपलब्ध नहीं होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही हनुमानगढ़ से जोधपुर के बीच रेल सेवाओं की कमी का मुद्दा उठाते हुए बताया गया कि ऐलनाबाद–नोहर–भादरा–सादुलपुर–रत्नगढ़ रूट पर अभी तक एक भी ट्रेन नहीं चल रही है। समिति ने इस मार्ग पर कम से कम एक ट्रेन शुरू करने की मांग की। साथ ही ऐलनाबाद–सिरसा के बीच नई रेल लाइन के निर्माण का विषय उठाते हुए बताया गया कि इस रेल लाइन का सर्वे पूरा हो चुका है, लेकिन बजट जारी न होने के कारण परियोजना लंबे समय से अटकी हुई है। समिति ने शीघ्र बजट स्वीकृत करने की मांग की। सांसद कुमारी शैलजा ने सभी मांगों को गंभीरता से सुना और पूरा आश्वासन देते हुए कहा कि वे इन जनहित से जुड़े मुद्दों को संसद में मजबूती से उठाकर आवश्यक कार्रवाई करवाने का प्रयास करेंगी। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।











Leave a Reply