शिवालिक नगर पालिका बनी भ्रष्टाचार का अड्डा: रॉबिन 

Spread the love

 

*सभासद अमरदीप सिंह रॉबिन ने लगाया नगर पालिका शिवालिक नगर में भ्रष्टाचार का आरोप*
*पालिका अध्यक्ष की सम्पत्ति के स्रोतों की जांच की मांग*
*भेल के क्षेत्र में लगे अवैध यूनिपोल्स से करोड़ों की कमाई*
*22 जून को बड़े जन आंदोलन और प्रदर्शन की घोषणा*

डॉ हिमांशु द्विवेदी

हरिद्वार। नगर पालिका शिवालिक नगर के सभासद अमरदीप सिंह रॉबिन ने नगर पालिका में व्यापक स्तर पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए पालिका अध्यक्ष की संपत्ति और आय के स्रोतों की जांच कराने की मांग की है। साथ ही 22 जून को धरना प्रदर्शन और आंदोलन करने की घोषणा की है। प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए सभासद अमरदीप सिंह रॉबिन ने आरोप लगाया कि नगर पालिका भ्रष्टाचार का अड्डा बन गयी है। अधिकारी सुविधा के अनुसार फाइल आगे बढ़ाते हैं। जिला अधिकारी के हस्तक्षेप के बाद आयोजित की गयी बोर्ड बैठक की प्रोसीडिंग भी सभासदों को अब तक नहीं दी गयी है। विरोध में आवाज उठाने वाले सभासदों को धमकाया जा रहा है। विरोध कर रहे सभासदों के वार्डो में सफाई और अन्य विकास कार्य भी नहीं कराए जा रहे हैं।अमरदीप सिंह रॉबिन ने फर्जी टेंडर और बिना कार्य के ठेकेदारों को भुगतान करने का आरोप भी लगाया और कहा कि पेयजल, कूड़ा निस्तारण और आवारा पशुओं पर नियंत्रण के लिए कोई योजना या नीति लागू नहीं की गयी है। सड़कों की हालत जर्जर है। सीवर ओवरफ्लो हो रहे हैं। पूरे नगर पालिका क्षेत्र में पेयजल संकट गहरा गया है। जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रेसवार्ता के दौरान सभासद अमरदीप सिंह रॉबिन ने एक सात सूत्रीय मांग पत्र भी जारी किया। जिसमें पालिका अध्यक्ष की संपत्ति और आय के स्रोतों की सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में एसआईटी से जांच, बीएचईएल में लगाए गए यूनिपोल की वैधता व उससे अवैध कमाई की जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई, भ्रष्ट अधिकारियों और ठेकेदारों की सूची सार्वजनिक करने, बोर्ड बैठक की कार्यवाही सभासदों को उपलब्ध कराने, कूड़ा प्रबंधन और पेयजल आपूर्ति नीति को सार्वजनिक करने, पालिका अध्यक्ष द्वारा सभासदों और जनता के प्रति अभद्र भाषा और व्यवहार पर रोक लगाने, नगर पालिका की कार्यशैली में जनभागीदारी सुनिश्चित करने आदि शामिल हैं। प्रेसवार्ता में तरूण व्यास, मोहित डिमरी, अतुल गोसांई, गौतम राणा, हिमांशु रावत, शिशुपाल पोखरियाल भी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *