कॉर्पाेरेट परस्त नीतियों के खिलाफ संघर्ष तेज करेगी मार्क्सवादी कमेटी, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का लिया संकल्प

Spread the love

*स्मार्ट मीटर के विरोध में मार्क्सवादी पार्टी मैदान में, 15 जुलाई को जिला कलेक्टर कार्यालय पर प्रदर्शन का ऐलान*
आर. के. जोशी

हनुमानगढ़। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) जिला कमेटी द्वारा एक विशेष बैठक का आयोजन कर पार्टी के राष्ट्रीय सम्मेलन की रिपोर्टिंग और वर्तमान सामाजिक-राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक को राज्य सचिव मंडल के सदस्य दुर्गा स्वामी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश शर्मा, पूर्व विधायक व जिला सचिव कामरेड बलवान पूनिया समेत कई नेताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने केंद्र सरकार पर कॉर्पाेरेट घरानों के पक्ष में जनविरोधी नीतियों को लागू करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इन नीतियों के चलते देश में बेरोजगारी, गरीबी और महंगाई में भारी इजाफा हुआ है।
राज्य सचिव मंडल के सदस्य दुर्गा स्वामी ने कहा कि केंद्र सरकार पूंजीवादी ताकतों को खुला समर्थन दे रही है, जिससे आम जनता का शोषण हो रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता के मुद्दों पर संगठित संघर्ष करें और देश की लोकतांत्रिक विरासत को बचाने के लिए आगे आएं। उन्होंने जोर दिया कि सांप्रदायिक ताकतों से सतर्क रहने की आवश्यकता है ताकि देश में भाईचारा और शांति बनी रहे। बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता रामेश्वर वर्मा ने केंद्र सरकार की नीतियों की तीखी आलोचना करते हुए कहा कि वर्तमान सत्ता एक प्रकार का श्घोषित आपातकालश् लागू कर चुकी है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है, विपक्षी नेताओं पर झूठे मुकदमे बनाए जा रहे हैं और धार्मिक कट्टरता को बढ़ावा देकर लोकतंत्र को कमजोर किया जा रहा है। शर्मा ने चेताया कि यह नव-फासीवादी प्रवृत्ति देश के लोकतांत्रिक ढांचे को गंभीर खतरे में डाल रही है। जिला सचिव और पूर्व विधायक कामरेड बलवान पूनिया ने स्मार्ट मीटर योजना पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह योजना निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से लाई गई है। उन्होंने पूछा कि जब पुराने इलेक्ट्रॉनिक मीटर ठीक काम कर रहे हैं, तो स्मार्ट मीटर लगाने की क्या आवश्यकता है? पूनिया ने स्पष्ट किया कि सीपीएम का हर कार्यकर्ता इसके खिलाफ संघर्ष करेगा और किसी भी सूरत में जनता को लूटने नहीं दिया जाएगा। बैठक में बहादुर सिंह चौहान, आत्मा सिंह, गोपाल बिश्नोई, मनीराम मेघवाल, चंद्रकला वर्मा, कमला मेघवाल, सरबजीत कौर, सुरेश स्वामी, बसंत सिंह, सुरेंद्र सोनी समेत अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। रघुवीर वर्मा एडवोकेट ने बताया कि 15 जुलाई 2025 को प्रातः 11 बजे जिला कलेक्टर कार्यालय पर स्मार्ट मीटर योजना के विरोध में एक बड़ा जन आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरे जिले में इस योजना का व्यापक विरोध होगा और जनता की भागीदारी से प्रशासनिक कार्यालय का घेराव किया जाएगा। वर्मा ने दोहराया कि किसी भी कीमत पर जनता को निजी कंपनियों के हाथों लूटने नहीं दिया जाएगा और जनहित के इस संघर्ष में पार्टी पूरी ताकत से मैदान में डटी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *