वाराणसी में 25 अक्टूबर को गूंजेगा भारतीय वायु सेना का शौर्य

Spread the love

*नमो घाट पर ‘इंडियन एयर फोर्स एरियल डिस्प्ले-2026’, मध्य वायु कमान की गौरवशाली विरासत भी होगी प्रदर्शित*

पी. के. गुप्ता

वाराणसी। नमो घाट पर 25 अक्टूबर 2026 को ‘इंडियन एयर फोर्स एरियल डिस्प्ले-2026’ का आयोजन किया जाएगा। गंगा के भव्य तट की पृष्ठभूमि में होने वाले इस हवाई प्रदर्शन में नागरिकों और आगंतुकों को भारतीय वायु सेना की सटीकता, व्यावसायिक दक्षता और उत्कृष्ट समन्वय का प्रदर्शन देखने का अवसर मिलेगा। यह आयोजन मध्य वायु कमान की छह दशकों से अधिक की गौरवशाली यात्रा को भी प्रदर्शित करेगा। स्थापना के बाद से मध्य वायु कमान और इसके अधीनस्थ संगठनों ने चुनौतीपूर्ण परिचालन क्षेत्रों में युद्ध अभियानों के साथ-साथ मानवीय सहायता, आपदा राहत और नागरिक प्रशासन को सहायता प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मध्य वायु कमान की परिचालन विरासत में 1965 और 1971 के भारत-पाक युद्ध, मालदीव में ऑपरेशन कैक्टस तथा कारगिल संघर्ष के दौरान ऑपरेशन सफेद सागर में योगदान शामिल है। इसके अलावा कमान के वायुयानों और वायु योद्धाओं ने निकासी, बाढ़ राहत, आकस्मिक चिकित्सा निकासी तथा विभिन्न मानवीय सहायता अभियानों को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है।

युवाओं को प्रेरित करेगा एयर शो

कठिन भूभाग और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में प्रभावित लोगों तक सहायता पहुंचाने की कमान की क्षमता भारतीय वायु सेना की राष्ट्रसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। नमो घाट पर आयोजित होने वाला यह एयर शो वाराणसी के नागरिकों को भारतीय वायु सेना से करीब से जुड़ने का अवसर देगा। आयोजन के माध्यम से युवाओं को प्रेरित करने के साथ भारतीय वायु सेना की विविध भूमिकाओं, क्षमताओं और गौरवशाली सेवा परंपराओं के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का भी प्रयास किया जाएगा। हवाई प्रदर्शन के समय, निर्धारित दर्शक क्षेत्रों, यातायात व्यवस्था, पार्किंग और सुरक्षा से संबंधित दिशा-निर्देश आयोजन की तिथि के निकट अधिकृत माध्यमों से जारी किए जाएंगे। आम नागरिकों से केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने तथा जिला प्रशासन, पुलिस, सुरक्षा कर्मियों और आयोजन से जुड़े अधिकारियों को सहयोग करने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *