सक्षम के कार्यकर्ता देशभर से जुटेंगे सेवा में, हरिद्वार के कार्यकर्ताओं को भी मिलेगी अहम जिम्मेदारी
देवेंद्र बोले—नेत्रकुंभ में सेवाएं देना हम सभी का दायित्व, यह अंधत्व से मुक्ति का महायज्ञ
अमित कुमार
हरिद्वार। वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले अर्धकुंभ के अवसर पर हरिद्वार में 45 दिवसीय नेत्रकुंभ महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से लाखों लोगों की निशुल्क नेत्र जांच करने के साथ उन्हें चश्मे और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। इस महाअभियान को सफल बनाने के लिए देशभर से सक्षम के कार्यकर्ता स्वयंसेवक के रूप में सेवाएं देंगे। इसी सिलसिले में दिव्यांगजनों की राष्ट्रव्यापी संस्था समदृष्टि क्षमता विकास एवं अनुसंधान मंडल (सक्षम) की हरिद्वार इकाई की महत्वपूर्ण बैठक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कार्यालय में आयोजित हुई। जिलाध्यक्ष संदीप अरोड़ा की अध्यक्षता में हुई बैठक में नेत्रकुंभ की तैयारियों और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक के मुख्य वक्ता सक्षम के उत्तर क्षेत्र संगठन मंत्री देवेंद्र ने कहा कि नेत्रकुंभ केवल चिकित्सा शिविर नहीं, बल्कि लाखों लोगों को अंधत्व से बचाने का एक विशाल सेवा महायज्ञ है। इसमें देशभर के सक्षम कार्यकर्ता अपनी सेवाएं देंगे और हरिद्वार के कार्यकर्ताओं पर भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि सक्षम का मूल ध्येय सेवा, समर्पण और सामर्थ्य है। ऐसे पुनीत आयोजन में अपनी क्षमता के अनुसार योगदान देना हम सभी का दायित्व है। प्रांत अध्यक्ष एवं नेत्रकुंभ के प्रबंध प्रमुख ललित पंत ने बताया कि दिव्य नेत्रकुंभ के अंतर्गत दो लाख लोगों की नेत्र जांच का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इतने बड़े स्तर पर आयोजन को सफल बनाने के लिए बड़ी संख्या में समर्पित कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों की आवश्यकता होगी। बैठक में मौजूद कई कार्यकर्ताओं ने तत्काल अपनी सेवाएं देने की सहमति भी जताई। इस अवसर पर प्रांत युवा प्रमुख कमल पंत, जिला महिला प्रमुख सीमा चौहान, प्रांत सह प्रचार प्रमुख संजय वर्मा, जिला सह सचिव आरती मेहता, मानसी मिश्रा, शशि लता, विमलेश गौड़, योगेश चौधरी, गौरव काकरान, सुदीप बनर्जी, सतीश कुमार, अनिता वर्मा, अमित कुमार गुप्ता, डॉ. प्रदीप चौधरी, एस.एस. राणा, डॉ. हरेंद्र मलिक सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











Leave a Reply