गंगा आरती के साथ दंडवत यात्रा और गंगा सेवा अभियान का भव्य समापन

Spread the love

स्वामी करौली शंकर महाराज ने दिया गंगा की निर्मलता और धार्मिक आस्था को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश

अमित कुमार

हरिद्वार। श्री अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक एवं मिश्री मठ के परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी करौली शंकर महाराज के आह्वान पर आयोजित दो दिवसीय धार्मिक एवं सेवा आयोजन का आज मां गंगा की भव्य और दिव्य आरती के साथ समापन हुआ। इस दौरान हजारों साधकों, अनुयायियों और श्रद्धालुओं ने मां गंगा की आरती कर धर्म, आस्था और गंगा संरक्षण का संकल्प लिया। गंगा आरती के उपरांत श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए स्वामी करौली शंकर महाराज ने कहा कि मां गंगा की निर्मलता और पवित्रता ही हमारे जीवन का आधार है। गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि हमारी आस्था, संस्कृति और सभ्यता की जीवनधारा हैं। उनकी स्वच्छता और संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के सुखद एवं सुरक्षित भविष्य की नींव है। उन्होंने कहा कि वर्तमान पीढ़ी का दायित्व है कि वह धार्मिक आस्था और संस्कारों को आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाए। इसके लिए समय-समय पर ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों का होना आवश्यक है। जब समाज सामूहिक रूप से धर्म और सेवा के कार्यों से जुड़ेगा, तभी नई पीढ़ी में भी धर्म के प्रति श्रद्धा, संस्कार और आस्था का भाव मजबूत होगा। स्वामी करौली शंकर महाराज ने सभी श्रद्धालुओं का आह्वान करते हुए कहा कि मां गंगा की स्वच्छता और निर्मलता बनाए रखना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक एवं सामूहिक दायित्व है। गंगा की सेवा केवल किसी अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना होगा। इस अवसर पर गंगा सभा रजि. की ओर से पं. सिद्धार्थ चक्रपाणि, पं. शैलेश मोहन सहित अन्य पदाधिकारियों ने स्वामी करौली शंकर महाराज का भव्य स्वागत किया और उन्हें मां गंगा का प्रसाद भेंट किया। कार्यक्रम में अखाड़ा अध्यक्ष महंत धूनीदास, कोठारी महंत नितिन दास, भक्त दुर्गादास, गणेश दास, संस्था प्रबंधक डॉ. उमेश सचान, अनिरुद्ध शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता अनिरुद्ध भाटी, विशाल गुप्ता, दिव्यम यादव सहित हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *