डिजिटल मंच पर किडनी केयर की आवाज बने डॉ. संजीव गुलाटी, मिला प्रतिष्ठित पब्लिक चॉइस अवार्ड

Spread the love

टाइम्स ऑफ इंडिया समूह के ‘पावर क्रिएटर अवार्ड्स-2026’ में यूट्यूब चैनल को मिला सम्मान, लाखों लोगों तक पहुंचा रहे किडनी स्वास्थ्य से जुड़ी विश्वसनीय जानकारी

मुंबई में आयोजित समारोह में अपारशक्ति खुराना ने की मेजबानी, खेल, फिल्म और डिजिटल जगत की कई हस्तियां हुईं सम्मानित

अमित गुप्ता

नई दिल्ली। चिकित्सा क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाले फोर्टिस हॉस्पिटल्स, नई दिल्ली के नेफ्रोलॉजी विभाग के चेयरमैन डॉ. संजीव गुलाटी ने डिजिटल दुनिया में भी अपनी अलग पहचान स्थापित की है। किडनी रोगों के प्रति जागरूकता फैलाने और जटिल चिकित्सा जानकारियों को आम लोगों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए उनके लोकप्रिय यूट्यूब चैनल ‘डॉ. संजीव गुलाटी किडनी क्लिनिक’ को प्रतिष्ठित ‘पब्लिक चॉइस अवार्ड’ से सम्मानित किया गया है। मुंबई में 23 अक्टूबर को आयोजित टाइम्स ऑफ इंडिया समूह के ‘टाइम्स एंटरटेनमेंट पावर क्रिएटर अवार्ड्स-2026’ समारोह में डॉ. गुलाटी को यह सम्मान मिला। समारोह की मेजबानी अभिनेता अपारशक्ति खुराना ने की। आयोजन में देशभर के डिजिटल क्रिएटर्स को 25 से अधिक श्रेणियों में जूरी चॉइस, पॉपुलर चॉइस और एडिटर चॉइस पुरस्कार प्रदान किए गए। पब्लिक चॉइस श्रेणी के पुरस्कार दर्शकों के मतदान के आधार पर दिए गए। ऐसे में डॉ. गुलाटी के चैनल को मिला सम्मान डिजिटल माध्यम पर उनके स्वास्थ्य जागरूकता अभियान के प्रति लोगों के भरोसे को दर्शाता है।

जटिल चिकित्सा जानकारी को बना रहे आसान

डॉ. संजीव गुलाटी चिकित्सा जगत के प्रतिष्ठित नेफ्रोलॉजिस्ट हैं। वह इंडियन सोसाइटी ऑफ नेफ्रोलॉजी के पूर्व अध्यक्ष और इंडियन सोसाइटी ऑफ ऑर्गन ट्रांसप्लांटेशन के पूर्व उपाध्यक्ष रह चुके हैं। कस्तूरबा मेडिकल कॉलेज में नेफ्रोलॉजी के एडजंक्ट प्रोफेसर के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा लखनऊ के एसजीपीजीआईएमएस और कनाडा की मैकमास्टर यूनिवर्सिटी से भी उनका जुड़ाव रहा है। अपने यूट्यूब चैनल के माध्यम से वह किडनी की बीमारियों, डायलिसिस, किडनी प्रत्यारोपण और रोगों से बचाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी साझा करते हैं। उनका प्रयास है कि चिकित्सा से जुड़े कठिन विषयों को सरल और सहज भाषा में समझाकर मरीजों तथा आम नागरिकों को सही जानकारी उपलब्ध कराई जाए।

दिग्गज हस्तियों से सजी पुरस्कार समारोह की शाम

पावर क्रिएटर अवार्ड्स-2026 में खेल, मनोरंजन और डिजिटल जगत की कई चर्चित हस्तियों को भी सम्मानित किया गया। ओलंपिक पदक विजेता मीराबाई चानू को ‘स्पोर्ट्स पर्सन ऑफ द ईयर’ और अभिनेता एवं सांसद रवि किशन को ‘पावर क्रिएटर आइकन ऑफ द ईयर’ का पुरस्कार दिया गया। फिटनेस एवं वेलनेस विशेषज्ञ ल्यूक कौतिन्हो को हेल्थ एंड वेलनेस श्रेणी में जूरी चॉइस अवार्ड मिला। इसके अलावा सागर कुमार मिश्रा (एसजी) को ऑटो कंटेंट क्रिएटर श्रेणी में पॉपुलर चॉइस अवार्ड तथा इप्सिता चौधरी को पेट फ्रेंडली कंटेंट श्रेणी में एडिटर चॉइस अवार्ड प्रदान किया गया। समारोह में दिव्या दत्ता, डॉली सिंह, कुब्रा सैत, ओरी, सौरभ सचदेवा और सूफी मोतीवाला सहित अनेक जानी-मानी हस्तियां मौजूद रहीं।

डिजिटल युग में स्वास्थ्य शिक्षा की बढ़ती भूमिका

आज इंटरनेट और सोशल मीडिया पर स्वास्थ्य संबंधी जानकारियों की भरमार है। ऐसे में गलत और भ्रामक सूचनाओं के बीच विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा प्रमाण आधारित जानकारी उपलब्ध कराना बेहद महत्वपूर्ण हो गया है। विशेषकर किडनी जैसी गंभीर और दीर्घकालिक बीमारियों के मामले में समय पर सही जानकारी और चिकित्सकीय मार्गदर्शन मरीजों के लिए काफी मददगार साबित हो सकता है। डॉ. गुलाटी की डिजिटल पहल इसी दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

दर्शकों और मरीजों को समर्पित किया सम्मान

यह उपलब्धि हासिल करने पर डॉ. संजीव गुलाटी ने पुरस्कार अपने दर्शकों और मरीजों को समर्पित किया। उनका कहना है कि दर्शकों के सवाल और प्रतिक्रियाएं ही उनके वीडियो तथा चैनल की वास्तविक ताकत हैं। भविष्य में भी उनका प्रयास किडनी की देखभाल, प्रत्यारोपण और बचाव संबंधी विषयों पर अधिक से अधिक जागरूकता फैलाना है, ताकि भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले लोगों तक भी सही स्वास्थ्य जानकारी पहुंच सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *