राष्ट्रीय एकता दिवस पर एसएसबी जवानों ने निकाली 10 किलोमीटर लंबी साइकिल रैली

Spread the love

फिट इंडिया मूवमेंट के तहत स्वस्थ जीवनशैली, पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण मुक्त वातावरण का दिया संदेश

पी. के. गुप्ता

नरकटियागंज। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर 44वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), नरकटियागंज की ओर से फिट इंडिया मूवमेंट के तहत 10 किलोमीटर लंबी साइकिल रैली निकाली गई। वाहिनी कमांडेंट बलवंत सिंह नेगी के मार्गदर्शन में आयोजित रैली का शुभारंभ वाहिनी मुख्यालय से हुआ। रैली वाहिनी मुख्यालय से रवाना होकर नरकटियागंज के शहीद चौक पहुंची और वहां से वापस मुख्यालय लौटकर संपन्न हुई। इस दौरान एसएसबी के जवानों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए करीब 10 किलोमीटर की दूरी तय की। रैली के माध्यम से जवानों ने आमजन को नियमित व्यायाम, साइकिलिंग और शारीरिक गतिविधियों को दैनिक जीवन में अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य जवानों और नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करना था। साथ ही साइकिल के अधिकाधिक उपयोग को बढ़ावा देकर पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण मुक्त वातावरण का संदेश भी दिया गया। इस अवसर पर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण, राष्ट्रीय एकता और अखंडता के लिए किए गए अतुलनीय योगदान को याद किया गया। जवानों ने उनके आदर्शों पर चलने तथा देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लिया।एसएसबी की इस पहल के माध्यम से संदेश दिया गया कि स्वस्थ नागरिक ही सशक्त समाज और मजबूत राष्ट्र की नींव होते हैं। नियमित व्यायाम और अनुशासित जीवनशैली अपनाकर न केवल स्वयं को स्वस्थ रखा जा सकता है, बल्कि राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *