एम. पारिक
रामनगर। नैनीताल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रामनगर स्थित एक रिसॉर्ट में कथित रूप से संचालित देह व्यापार के नेटवर्क का पर्दाफाश करने का दावा किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देशन में एसओजी और पुलिस लाइन की संयुक्त टीम ने देर रात छापेमारी कर 52 लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि 10 युवतियों को रेस्क्यू किया गया। पुलिस का कहना है कि मौके से अवैध शराब, नकदी और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, संबंधित रिसॉर्ट में लंबे समय से अवैध गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिल रही थी। इन सूचनाओं के सत्यापन के बाद योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान रिसॉर्ट के विभिन्न कमरों की तलाशी ली गई, जहां कई संदिग्ध लोग मौजूद मिले। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि रिसॉर्ट परिसर में बिना वैध लाइसेंस के बार संचालित किया जा रहा था। पुलिस का दावा है कि जांच के दौरान होटल के कुछ कर्मचारियों की कथित संलिप्तता भी सामने आई है। हालांकि, कार्रवाई के दौरान रिसॉर्ट का मैनेजर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि रेस्क्यू की गई युवतियां नेपाल, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश की रहने वाली हैं। उन्हें नियमानुसार संरक्षण और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी विस्तृत जांच की जा रही है।












Leave a Reply