मेलाधिकारी सोनिका ने कार्यदायी संस्थाओं को दिए सख्त निर्देश, कमियां 15 दिन में दूर कर देनी होगी रिपोर्ट
थर्ड पार्टी निरीक्षण में गुणवत्ता से समझौता मिला तो भुगतान में कटौती समेत दंडात्मक कार्रवाई
अमित कुमार
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मेला प्रशासन ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर सख्ती बढ़ा दी है। मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में बेहतर आपसी समन्वय रखा जाए और एक बार सड़क बनने के बाद किसी भी विभाग को दोबारा उसकी खुदाई की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने चेताया कि समन्वय के अभाव में किसी कार्य को दोबारा तोड़ने या क्षतिग्रस्त करने की स्थिति बनी तो संबंधित की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी। आज मेला नियंत्रण भवन में कुंभ मेला-2027 से जुड़े निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए मेलाधिकारी ने कहा कि सड़क की मरम्मत और ब्लैकटॉपिंग से पहले पेयजल, सीवर, ओएफसी और विद्युत लाइनों समेत अन्य भूमिगत कार्य हर हाल में पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने विभागों को अपनी-अपनी कार्ययोजना साझा कर चरणबद्ध तरीके से काम कराने के निर्देश दिए, ताकि एक विभाग का काम पूरा होने के बाद दूसरे विभाग को सड़क या अन्य निर्माण फिर से न तोड़ना पड़े।
गुणवत्ता जांच में मिली कमी तो 15 दिन में कार्रवाई
मेलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। थर्ड पार्टी निरीक्षण के लिए नियुक्त संस्थाओं के टीम लीडर्स से उन्होंने निरीक्षण रिपोर्ट और सामने आई तकनीकी एवं गुणवत्ता संबंधी कमियों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि निरीक्षण में सामने आने वाली कमियों का अविलंब निस्तारण कराया जाए और की गई कार्रवाई की रिपोर्ट अधिकतम 15 दिनों के भीतर उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने थर्ड पार्टी एजेंसियों को नियमित रूप से कार्यस्थलों का निरीक्षण करने के साथ गुणवत्ता, प्रगति और निर्धारित समयसीमा—तीनों की जांच करने को कहा।
लापरवाही पर भुगतान भी कटेगा
मेलाधिकारी ने साफ किया कि निर्देशों के अनुपालन में लापरवाही अथवा गुणवत्ता संबंधी कमियों के निस्तारण में उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित मानकों का पालन नहीं होने पर संबंधित कार्यदायी संस्था के खिलाफ दंडात्मक प्रावधानों के तहत कार्रवाई होगी। आवश्यकता पड़ने पर भुगतान में कटौती भी की जाएगी।उन्होंने कहा कि कुंभ मेला-2027 के सफल आयोजन के लिए निर्माण कार्यों का समय पर पूरा होना जरूरी है, लेकिन इसके साथ उनकी गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। सभी विभाग और कार्यदायी संस्थाएं अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाएं और आपसी समन्वय से कार्यों को आगे बढ़ाएं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्रा, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, अपर पुलिस अधीक्षक (संचार) विपिन कुमार, मेला कार्यालय के तकनीकी प्रकोष्ठ के अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार भट्ट, अधिशासी अभियंता आशुतोष कुमार सहित विभिन्न विभागों और कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी मौजूद रहे।
सड़क खोदने की ‘पुरानी बीमारी’ पर रोक
पहले भूमिगत काम, फिर सड़क निर्माण। कुंभ क्षेत्र में पेयजल, सीवर, ओएफसी और विद्युत लाइनों के काम सड़क की ब्लैकटॉपिंग से पहले पूरे करने होंगे। सड़क बनने के बाद दोबारा खुदाई हुई तो जिम्मेदारी तय होगी।












Leave a Reply