कांवड़ यात्रा से पहले पूरे होंगे निर्माण कार्य, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन पर विशेष जोर
अमित कुमार
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को गति देते हुए मेला प्रशासन प्रमुख मंदिरों तक श्रद्धालुओं के सुरक्षित एवं सुगम आवागमन के लिए पैदल मार्गों और फुटपाथों के विकास कार्यों में तेजी ला रहा है। मेलाधिकारी सोनिका ने विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ-2027 के दौरान करोड़ों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सुरक्षित, व्यवस्थित और पैदल यात्री-अनुकूल मार्ग विकसित करना सरकार और मेला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भगत सिंह चौक से बिल्केश्वर महादेव मंदिर होते हुए मनसा देवी मंदिर तक जाने वाले मार्ग का जायजा लिया।
उन्होंने सड़क चौड़ीकरण, मरम्मत, सुदृढ़ीकरण तथा निर्माणाधीन फुटपाथों की गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए आवश्यक तकनीकी सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मेलाधिकारी ने मनसा देवी मंदिर तक जाने वाले मार्गों एवं सीढ़ियों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने जहां मरम्मत की आवश्यकता है, वहां तत्काल कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में श्रद्धालुओं की सुरक्षित निकासी के लिए प्रस्तावित वैकल्पिक मार्ग का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि विशाल धार्मिक आयोजनों में प्रभावी भीड़ एवं आपदा प्रबंधन के लिए वैकल्पिक मार्गों का विकास अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि वर्तमान में चल रहे पैदल मार्ग एवं फुटपाथ निर्माण कार्य कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले हर हाल में पूरे कर लिए जाएं। जिन क्षेत्रों में कांवड़ यात्रा के कारण कार्य शुरू नहीं हो सकते, वहां यात्रा समाप्त होते ही निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ किए जाएं। इसके बाद मेलाधिकारी ने अपर रोड क्षेत्र का भ्रमण कर वहां चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने गलियों के सुधार, पैदल आवागमन को अधिक सुरक्षित बनाने, सौंदर्यीकरण तथा नागरिक सुविधाओं के विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, मेला अधिष्ठान के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार, कार्यक्रम क्रियान्वयन इकाई के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं अभियंता मौजूद रहे।
इन प्रमुख परियोजनाओं पर तेजी से चल रहा है काम
कुंभ मेला-2027 को दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए करोड़ों रुपये की लागत से कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं। इनमें प्रमुख रूप से—
– चंडी देवी मंदिर पहुंच मार्ग एवं तीर्थयात्री सुविधाओं का विकास (प्रथम चरण) – ₹3.53 करोड़
– मनसा देवी मंदिर (रूट-1 एवं रूट-2) पहुंच मार्ग एवं सुविधाओं का विकास – ₹2.19 करोड़
– हर की पैड़ी से प्रमुख मंदिरों तक पैदल-अनुकूल फुटपाथ निर्माण – ₹7.84 करोड़
– बंगाली मोड़ से झंडा चौक, श्रीयंत्र मंदिर एवं बूढ़ी माता मंदिर मार्ग का नवीनीकरण – ₹3.94 करोड़
– शंकराचार्य चौक, देवपुरा, चन्द्राचार्य चौक एवं आर्यनगर क्षेत्र के आंतरिक मार्गों का नवीनीकरण और फुटपाथ निर्माण – ₹6.44 करोड़
– शंकराचार्य चौक से कनखल थाना होते हुए देशरक्षक तिराहे तक मार्ग सुधार – ₹3.93 करोड़
– ज्वालापुर–ललताराव–चंडीघाट मार्ग का नवीनीकरण एवं फुटपाथ निर्माण – ₹4.27 करोड़
इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद श्रद्धालुओं को चंडी देवी, मनसा देवी, हर की पैड़ी और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों तक सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित पैदल आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही कुंभ मेला-2027 के दौरान भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में भी इन परियोजनाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।












Leave a Reply