‘पथ प्रदर्शन’ कार्यक्रम में 24 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, शिक्षकों को किया गया सम्मानित
अमित कुमार
रुड़की। बाल दिवस के अवसर पर कोर विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और करियर निर्माण को दिशा देने के उद्देश्य से करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम ‘पथ प्रदर्शन’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रुड़की, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और आसपास के क्षेत्रों के 24 विद्यालयों के 1,500 से अधिक विद्यार्थियों तथा 80 शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ वर्धमान सभागार में विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) अनुभा सिंह और प्रति कुलपति डॉ. राजेश कुमार उपाध्याय ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, करियर के नए अवसरों और भविष्य की संभावनाओं से रूबरू कराया गया। कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों ने समूहों में विश्वविद्यालय परिसर का भ्रमण किया और विभिन्न विभागों के प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों से संवाद किया। इस दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, प्रबंधन, इंजीनियरिंग, स्वास्थ्य विज्ञान और मीडिया से संबंधित परियोजनाओं का प्रदर्शन किया गया। विद्यार्थियों ने कंप्यूटिंग, इंजीनियरिंग और फार्मेसी की प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय तथा औषधीय पादप उद्यान का भी अवलोकन किया। विशेषज्ञों ने उन्हें करियर चयन, उभरते व्यावसायिक क्षेत्रों और उद्योगों की बदलती जरूरतों के अनुरूप कौशल विकसित करने के बारे में जानकारी दी।मुख्य व्याख्यान में कुलपति प्रो. (डॉ.) अनुभा सिंह ने ‘करियर निर्माण में मूलभूत विषयों का महत्व’ विषय पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि इंजीनियरिंग, कंप्यूटिंग, प्रबंधन, विधि, फार्मेसी, नर्सिंग और कृषि जैसे पारंपरिक विषय ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, फिनटेक, हेल्थटेक और एग्रीटेक जैसे आधुनिक क्षेत्रों की मजबूत आधारशिला हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को करियर का चुनाव करते समय अपनी रुचि, योग्यता और उपलब्ध अवसरों के बीच संतुलन बनाने की सलाह दी।उन्होंने कहा कि मजबूत जड़ें ही युवाओं को ऊंची उड़ान भरने का सामर्थ्य देती हैं। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों के जीवन में शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें सही दिशा और मार्गदर्शन देने वाले शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को सहभागिता प्रमाणपत्र प्रदान किए गए, जबकि उपस्थित शिक्षकों को फ्रेमयुक्त सम्मान प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के विभिन्न आयामों से परिचित कराने के साथ उनके भविष्य के करियर चयन को लेकर नई दृष्टि प्रदान की।











Leave a Reply