प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने किया जिला स्तरीय समारोह का शुभारंभ, राज्य आंदोलनकारी हुए सम्मानित; विकास पुस्तिका ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ का विमोचन
अमित कुमार
हरिद्वार। उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ जनपद हरिद्वार में हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाई गई। इस अवसर पर ऋषिकुल ऑडिटोरियम में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह का शुभारंभ जनपद के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह में राज्य निर्माण आंदोलनकारियों को सम्मानित करने के साथ ही प्रदेश की विकास यात्रा, सरकारी योजनाओं की उपलब्धियों और भविष्य की विकास योजनाओं को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया। गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का ऋषिकुल ऑडिटोरियम में सीधा प्रसारण किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आमजन ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का संबोधन सुना। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति, परंपराओं, लोकगीतों एवं लोकनृत्यों पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह में समां बांधा। समारोह में प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने राज्य निर्माण आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले आंदोलनकारियों को पटका एवं माला पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। बीते 26 वर्षों में प्रदेश ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार महिला सशक्तिकरण, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
यूसीसी पंजीकरण में हरिद्वार प्रदेश में प्रथम
प्रभारी मंत्री ने जनपद की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड देश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने वाला पहला राज्य बना है। हरिद्वार में अब तक एक लाख से अधिक यूसीसी पंजीकरण हो चुके हैं और इस मामले में जनपद प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। उन्होंने बताया कि नीति आयोग के आकांक्षी जनपद कार्यक्रम के तहत जुलाई 2022 की रिपोर्ट में हरिद्वार ने देश के 112 आकांक्षी जनपदों में पहला स्थान प्राप्त किया था, जिसके लिए 10 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि मिली। मार्च 2024 की रैंकिंग में वित्तीय समावेशन एवं कौशल विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर तीन करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि भी प्राप्त हुई।
शिविरों के माध्यम से हजारों लोगों को मिला लाभ
उन्होंने बताया कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत जनपद में 71 बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए गए। इनमें 2,231 शिकायतों का निस्तारण किया गया, 22 हजार से अधिक प्रमाणपत्रों के आवेदन प्राप्त हुए तथा 51 हजार से अधिक लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिया गया। मिशन ज्ञान गंगा के माध्यम से कक्षा तीन से 12 तक के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण डिजिटल शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।
कुंभ-2027 की तैयारियों को दी जा रही गति
प्रभारी मंत्री ने कहा कि आगामी कुंभ मेला-2027 को लेकर रोड़ी बेलवाला पुनर्विकास परियोजना, प्रशासनिक मार्ग कॉरिडोर विकास तथा गंगा घाटों के सौंदर्यीकरण एवं स्वच्छता की योजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। ऋषिकुल स्थित मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान के समग्र विकास एवं विस्तार के लिए नई सोसाइटी के गठन को सैद्धांतिक मंजूरी दी गई है। इसके तहत योग एवं ध्यान, आयुर्वेद अध्ययन, ज्योतिष एवं प्राच्य अध्ययन तथा ललित कला केंद्र विकसित किए जाने की योजना है।
किसानों, महिलाओं और जरूरतमंदों तक पहुंचीं योजनाएं
उन्होंने बताया कि जनपद में एक लाख से अधिक किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है। करीब एक लाख 37 हजार लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन दी जा रही है तथा 10 लाख 40 हजार से अधिक आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में नौ हजार से अधिक और शहरी क्षेत्रों में 4,500 से अधिक लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना से 2.52 लाख लोगों को लाभान्वित किया गया है। महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में नंदा गौरा कन्याधन योजना के तहत पिछले पांच वर्षों में 32,825 बालिकाओं को लाभ दिया गया। इसी अवधि में 69,122 लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की गईं। पोषण योजना के अंतर्गत करीब दो लाख लाभार्थियों को प्रतिवर्ष लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जनपद में स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से 23 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत 1,500 सोलर रूफटॉप प्लांट स्थापित करने के लिए 9.60 करोड़ रुपये की अनुदान राशि वितरित की गई है। मनरेगा से करीब एक लाख परिवारों को रोजगार मिला है। वहीं, मत्स्य उत्पादन में भी जनपद ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राज्य गठन के समय हरिद्वार में मत्स्य उत्पादन 850 क्विंटल था, जो अब बढ़कर 30 हजार क्विंटल से अधिक हो गया है।
स्वच्छ एवं विकसित हरिद्वार बनाने का आह्वान
मेयर किरण जैसल ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखण्ड की पहचान उसकी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और प्राकृतिक विरासत से है। उन्होंने स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित हरिद्वार के निर्माण में सभी नागरिकों से सक्रिय सहयोग की अपील की। राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल ने कहा कि आंदोलनकारियों के सपनों का विकसित उत्तराखण्ड बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। समारोह में कृषि, बागवानी, पशुपालन, मत्स्य, डेयरी, सौर ऊर्जा, सहकारिता एवं कौशल विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और किसानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं तथा स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले नगर निगम के पर्यावरण मित्रों को भी सम्मानित किया गया। वही प्रभारी मंत्री एवं अन्य अतिथियों ने सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित विकास पुस्तिका ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ का विमोचन किया। मतदाता जागरूकता के लिए जनचेतना मंच के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर मतदान के महत्व का संदेश दिया। प्रभारी मंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ प्राप्त करने के तरीके बताए गए। कार्यक्रम का संचालन विनोद प्रसाद मिश्रा एवं डॉ. नरेश चौधरी ने किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि, श्यामवीर सैनी, शोभाराम प्रजापति, अजीत चौधरी, विधायक रानीपुर आदेश चौहान, अनीस गौड़, गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार एवं वैभव गुप्ता, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरके सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, सीओ हरिद्वार शिशुपाल सिंह नेगी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, राज्य आंदोलनकारी, विद्यार्थी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।










Leave a Reply