स्टील की बाल्टी, फल और पूजन सामग्री का किया वितरण, बोले- भाईचारा और सामाजिक सौहार्द ही हमारी असली पहचान
पी. के. गुप्ता
गयाजी। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर गया नगर निगम के वार्ड संख्या 21 के पार्षद नैयर अहमद ने छठव्रतियों के बीच स्टील की बाल्टी, फल एवं पूजन सामग्री का वितरण कर सामाजिक सौहार्द और गंगा-जमुनी तहजीब की अनूठी मिसाल पेश की। उन्होंने छठव्रतियों को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सेवा भाव से उनकी मदद की। इस अवसर पर पार्षद नैयर अहमद ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, श्रद्धा, पवित्रता और सामाजिक एकता का अनुपम प्रतीक है। गया की पहचान सदियों से गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे के लिए रही है। यहां सभी धर्मों के लोग एक-दूसरे के पर्व-त्योहारों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं और मिल-जुलकर खुशियां बांटते हैं। उन्होंने कहा कि छठव्रतियों के बीच फल और पूजन सामग्री का वितरण कर उनकी सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। इस तरह के सामाजिक और मानवीय कार्यों से समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता की भावना मजबूत होती है। नैयर अहमद ने कहा कि धर्म और आस्था भले ही अलग-अलग हों, लेकिन मानवता और सेवा का भाव सभी को एक सूत्र में बांधता है। गंगा-जमुनी तहजीब हमारी साझा विरासत है और इसे कायम रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि समाज में आपसी भाईचारा, प्रेम और सौहार्द बना रहे, यही छठ महापर्व का भी संदेश है।












Leave a Reply