अमित कुमार
हरिद्वार। देहरादून में 17 जुलाई को आयोजित होने वाले कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस नेताओं ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी, सोम त्यागी, विकास चंद्रा, चंदना शर्मा, हरीश भाटिया, आशु भारद्वाज, अनंत पांडेय, सागर बेनीवाल और हरविन्द्र सिंह ने एसएमजेएन कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार बत्रा तथा शिवडेल स्कूल के प्रधानाचार्य अरविंद बंसल से मुलाकात कर छात्रों तक कार्यक्रम की जानकारी पहुंचाने का अनुरोध किया। मनोज सैनी और सोम त्यागी ने बताया कि दोनों शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों ने कार्यक्रम के संदेश को छात्रों तक पहुंचाने में सहयोग का आश्वासन दिया है। इस अवसर पर मनोज सैनी ने छात्रों और युवाओं से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि राहुल गांधी लगातार छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों, विशेषकर पेपर लीक, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियों को प्रमुखता से उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान के कोटा से शुरू हुई ‘छात्रों की गूंज’ पहल को देशभर के छात्रों का लगातार समर्थन मिल रहा है और देहरादून का कार्यक्रम भी इसी अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी है।कांग्रेस नेताओं ने विश्वास जताया कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-युवा अपनी भागीदारी दर्ज कराएंगे और शिक्षा व रोजगार से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद करेंगे।












Leave a Reply