हरिद्वार विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक प्रतिनिधित्व बदलने की मांग, युवा चेहरों को मौका देने की अपील

Spread the love

एस. गुप्ता

हरिद्वार। सामाजिक कार्यकर्ता शिवम सडाना ने हरिद्वार विधानसभा क्षेत्र-25 में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक प्रतिनिधित्व में बदलाव की मांग उठाई है। प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से हरिद्वार विधानसभा सीट पर युवा चेहरों को प्रत्याशी के रूप में अवसर देने की अपील की। शिवम सडाना ने कहा कि हरिद्वार व्यापार और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र है, लेकिन यहां की कई बुनियादी समस्याएं लंबे समय से जस की तस बनी हुई हैं। उन्होंने विशेष रूप से रानीपुर मोड़ पर जलभराव की समस्या का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बरसात के दौरान प्रमुख मार्ग पर दो से तीन फीट तक पानी भर जाता है, जिससे व्यापारियों और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि रानीपुर रेलवे पुलिया के नीचे, भगत सिंह चौक और चंद्राचार्य चौक सहित आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की समस्या वर्षों पुरानी है। जलभराव के कारण दुकानदारों का सामान प्रभावित होता है और राहगीरों तथा वाहन चालकों को भी परेशानी झेलनी पड़ती है। शिवम सडाना ने कहा कि प्रशासन अब जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए योजना लाने की बात कर रहा है, लेकिन सवाल यह है कि इतने वर्षों तक इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान क्यों नहीं हो पाया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के जनप्रतिनिधि भी अब तक इस समस्या से जनता को स्थायी राहत दिलाने में सफल नहीं रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को राजनीति में अधिक भागीदारी मिलनी चाहिए और राजनीतिक दलों को नए एवं युवा चेहरों को आगे बढ़ाने पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से हरिद्वार विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक प्रतिनिधित्व में बदलाव करते हुए युवाओं को अवसर देने की मांग की। शिवम सडाना ने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को मजबूती से उठाने और उनके स्थायी समाधान के लिए नई सोच और नई ऊर्जा के साथ काम करने वाले प्रतिनिधित्व की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *