जगजीवन कॉलेज में इंटर्नशिप जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Spread the love

मनोविज्ञान विभाग ने विद्यार्थियों को दिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश, 120 घंटे की इंटर्नशिप होगी अनिवार्य

पी. के. गुप्ता

गयाजी। जगजीवन कॉलेज, गया के मनोविज्ञान विभाग की ओर से शुक्रवार को मनोविज्ञान विषय के विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव रंजन एवं सहायक प्राध्यापक डॉ. अनुरानी ने विद्यार्थियों को इंटर्नशिप से जुड़े विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों और प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इंटर्नशिप चार क्रेडिट का अनिवार्य पाठ्यक्रम है। दूसरे या चौथे सेमेस्टर के बाद महाविद्यालय छोड़ने की योजना बनाने वाले विद्यार्थियों के लिए भी इंटर्नशिप करना अनिवार्य होगा, हालांकि उन्हें इसका क्रेडिट स्कोर नहीं मिलेगा। विद्यार्थियों के मार्गदर्शन के लिए महाविद्यालय स्तर पर इंटर्नशिप सेल, नोडल अधिकारी और विभागीय मेंटर उपलब्ध रहेंगे। कार्यक्रम में बताया गया कि विद्यार्थियों को नेटवर्किंग, मार्केट चेन आदि क्षेत्रों में इंटर्नशिप नहीं करनी है। इंटर्नशिप सफलतापूर्वक पूरी करने के लिए न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक प्राप्त करना आवश्यक होगा। इसकी निर्धारित अवधि 120 घंटे है। विद्यार्थियों को इंटर्नशिप रिपोर्ट निर्धारित प्रारूप में जमा करनी होगी। साथ ही जिस संस्थान या लैब में वे प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे, वहां की जीपीएस टैग युक्त तस्वीर भी रिपोर्ट के साथ संलग्न करनी होगी। संबंधित संस्थान के सुपरवाइजर विद्यार्थियों के कार्यों का मूल्यांकन करने के साथ उनका मार्गदर्शन भी करेंगे। कार्यक्रम में आमंत्रित विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को इंटर्नशिप के उपलब्ध अवसरों, चयन प्रक्रिया और प्रशिक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. मो. ऐयूब ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इंटर्नशिप में सफलता उनकी सैद्धांतिक पढ़ाई की मजबूत नींव पर निर्भर करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन करने और 75 प्रतिशत अनिवार्य उपस्थिति बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि निर्धारित उपस्थिति पूरी नहीं होने पर विद्यार्थियों को परीक्षा फॉर्म भरने से वंचित किया जा सकता है।कार्यक्रम में प्रो. रतिकांत दास, प्रो. पूर्णेंदु कुमार, डॉ. अनुरानी, डॉ. मनीष कुमार सिंह, डॉ. अंकना, डॉ. संगीता कुमारी, डॉ. शिवकुमार रविदास, डॉ. पंकज कुमार, डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ. प्रियंका कुमारी सिन्हा, डॉ. ऐजाज़ असलम, डॉ. निरुपमा कुमारी, डॉ. नारायण कुमार, डॉ. सत्येंद्र सिंह चंद्र, डॉ. शोभा, डॉ. अमित कुमार सहित महाविद्यालय के अनेक शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *