प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने किया शुभारंभ, दो माह में हजारों पौधे लगाने का लिया संकल्प
अमित गुप्ता
हरिद्वार। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ द एडवेंट स्कूल द्वारा आज सिंहद्वार क्षेत्र में भव्य वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान का उद्घाटन प्रेस क्लब हरिद्वार के अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने पौधारोपण कर किया। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के चेयरमैन अनुज चौधरी, प्रधानाचार्या श्वेता कोचर, भाजपा जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट तथा कांग्रेस प्रदेश महासचिव उत्कर्ष वालिया सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। विद्यालय की वरिष्ठ कक्षाओं के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक अभियान में भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यालय के स्टाफ सदस्य संध्या वर्मा, रुबल मेहरवाल, प्रज्ञा मिश्रा और प्रशांत सहित संजीव, अजय चौहान, कमल राजपूत (मंडल अध्यक्ष, भाजपा), राजीव चौधरी, राजीव पवार, चंदन सैनी एवं आशीष चौधरी (पिंटू) भी उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन ने हरिद्वार हाईवे के किनारे स्थित सड़कों को हरित क्षेत्र के रूप में विकसित करने का संकल्प लेते हुए अगले दो महीनों तक निरंतर वृक्षारोपण अभियान चलाने की घोषणा की।
इस दौरान हजारों पौधे लगाए जाएंगे तथा उनकी नियमित देखरेख भी सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों, विद्यार्थियों एवं उपस्थित नागरिकों ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, उनकी सुरक्षा करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय योगदान देने का सामूहिक संकल्प लिया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि यह अभियान आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, स्वस्थ और हरित वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।












Leave a Reply