नूतन नगर कालीबाड़ी से शहीद भगत सिंह चौक तक निकली यात्रा, युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए किया प्रेरित
पी. के. गुप्ता
गयाजी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा के नेतृत्व में भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने तिरंगा यात्रा निकाली। नूतन नगर कालीबाड़ी से शुरू हुई यात्रा शहीद भगत सिंह चौक पहुंची। हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। यात्रा के समापन पर शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने कहा कि तिरंगा केवल तीन रंगों से बना राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता, स्वतंत्रता और गौरव का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि तिरंगे के केसरिया, सफेद और हरे रंग साहस एवं त्याग, शांति एवं सत्य तथा समृद्धि एवं हरियाली का संदेश देते हैं, जबकि अशोक चक्र निरंतर प्रगति और कर्मशीलता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के बलिदान की याद दिलाती है। ऐसी यात्राएं विशेष रूप से युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करने और उन्हें राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। डॉ. मिश्रा ने कहा कि तिरंगे का सम्मान केवल यात्रा या राष्ट्रीय पर्व तक सीमित नहीं रहना चाहिए। स्वच्छता, शिक्षा, कानून का सम्मान, सामाजिक सद्भाव और देश की प्रगति में योगदान देना ही सच्चे अर्थों में राष्ट्रध्वज का सम्मान है। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं अधिवक्ता राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान है। तिरंगा यात्रा लोगों को देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाए रखने तथा भारत को विकसित, सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने में योगदान देने का संकल्प दिलाती है। यात्रा में भाजपा नेता संतोष ठाकुर, राणा रणजीत सिंह, विजय प्रसाद उर्फ काला नाग, गोपाल यादव, दीपक पांडेय, राजेश चौधरी, संतोष सिंह, सुनील रविदास, दिलीप राज, सुनील बंबईया, एस. राजेश आनंद, अधिवक्ता नागेंद्र प्रसाद शर्मा, अधिवक्ता हीरा यादव, संजय यादव, शेखर कुमार, संजू रजक, बबलू गुप्ता, कुंदन सिंह, महेश यादव, मंटू कुमार, रामविलास उर्फ गुड्डू, सांव प्रदीप मांझी, करण कुमार, उपेंद्र रविदास सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।












Leave a Reply