कांग्रेस प्रवक्ता ने भाजपा पर साधा निशाना, कहा—राष्ट्रीय मुद्दों के दबाव में दब जाएंगे क्षेत्रीय मुद्दे
अमित कुमार
हरिद्वार। कांग्रेस प्रवक्ता आलोक शर्मा ने भाजपा की ओर से ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ को लेकर हरिद्वार में आयोजित संत सम्मेलन पर सवाल उठाते हुए इसे पेपर लीक और राम मंदिर चंदा चोरी जैसे मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास बताया है। प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता के दौरान आलोक शर्मा ने कहा कि भाजपा को ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ पर संत सम्मेलन आयोजित करने के बजाय संतों और जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने संतों से अंकिता भंडारी हत्याकांड, राम मंदिर चंदे से जुड़े आरोपों सहित अन्य जनहित के मुद्दों पर सरकार और भाजपा से सवाल करने की अपील की। आलोक शर्मा ने कहा कि ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ संघीय ढांचे के हित में नहीं है। इससे राष्ट्रीय मुद्दे चुनावों में अधिक प्रभावी होंगे और राज्यों एवं क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय तथा क्षेत्रीय मुद्दे पीछे छूट सकते हैं। उन्होंने कहा कि देश के अलग-अलग राज्यों की परिस्थितियां, समस्याएं और प्राथमिकताएं अलग-अलग हैं, इसलिए चुनावी प्रक्रिया में भी इनका महत्व बना रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ के विषय पर पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया था। समिति ने अपनी रिपोर्ट राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सौंप दी है, लेकिन रिपोर्ट के संबंध में व्यापक सार्वजनिक चर्चा और इसके विभिन्न पहलुओं पर अभी भी बहस जारी है।आलोक शर्मा ने कहा कि इस विषय पर केंद्र सरकार द्वारा संयुक्त संसदीय समिति का गठन भी किया गया है और संसदीय स्तर पर इस पर विचार-विमर्श चल रहा है। ऐसे में भाजपा को जनता और संत समाज के सामने इस मुद्दे के सभी पहलुओं को स्पष्ट रूप से रखना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा इन तथ्यों को छिपाकर संतों और जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर जवाब चाहती है, लेकिन सरकार इन मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए नए-नए विषय सामने ला रही है। आलोक शर्मा ने कहा कि जनता भाजपा, केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री की नीतियों को लेकर सवाल कर रही है। ऐसे में ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ के नाम पर जनता का ध्यान वास्तविक जनसमस्याओं से हटाने का प्रयास किया जा रहा है। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह, सोम त्यागी, मनोज सैनी, कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष विकास चंद्रा, एससी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष तीर्थपाल रवि सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।












Leave a Reply