सीमा पर 62वीं एसएसबी की बड़ी कामयाबी, दुर्लभ रेड सैंड बोआ संग तस्कर दबोचा: अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 5 करोड़

Spread the love

पी.के.गुप्ता

भिनगा। 62वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल भिनगा मुख्यालय के कमांडेंट अमरेंद्र कुमार वरुण के दिशा-निर्देशन एवं सहायक कमांडेंट अमित शर्मा के नेतृत्व में बाह्य सीमा चौकी सुइया द्वारा वन विभाग ककरदरी रेंज के साथ संयुक्त विशेष गश्त अभियान चलाया गया। यह अभियान गुप्त सूचना के आधार पर ककरदरी वन क्षेत्र में सीमा स्तंभ संख्या 635/10 से लगभग 2.5 किलोमीटर अंदर भारतीय क्षेत्र में संचालित किया गया। अभियान के दौरान संयुक्त टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। उसकी पहचान इरफान खान पुत्र यूनुस खान, निवासी ग्राम अमवा मौलवी, थाना नानपारा, जनपद बहराइच, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक जीवित रेड सैंड बोआ बरामद किया गया, जो वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत अनुसूची-1 की अत्यंत दुर्लभ एवं संरक्षित प्रजाति मानी जाती है।प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि आरोपी इस दुर्लभ सांप की तस्करी ककरदरी वन क्षेत्र से कैसरगंज की ओर करने की फिराक में था। सूत्रों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में रेड सैंड बोआ की कीमत करीब 5 करोड़ रुपये बताई जा रही है। बरामद सांप एवं आरोपी को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए वन विभाग, ककरदरी रेंज को सौंप दिया गया है। 62वीं वाहिनी एसएसबी द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों में वन्यजीव तस्करी एवं अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। जवान सीमा सुरक्षा के साथ-साथ वन्यजीव संरक्षण के प्रति भी पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *