हरकी पैड़ी पर प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने की मां गंगा की पूजा-अर्चना, हजारों दीपों से गूंजा जनकल्याण और राष्ट्रसेवा का संकल्प
17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक होंगे जनसेवा, स्वच्छता, पर्यावरण, स्वास्थ्य और जनजागरूकता से जुड़े विविध कार्यक्रम
अमित कुमार
हरिद्वार। तीर्थनगरी हरिद्वार गुरुवार शाम आस्था, सेवा और संकल्प के दीपों से जगमगा उठी। ब्रह्मकुंड हरकी पैड़ी पर उत्तराखंड सरकार के प्रभारी मंत्री एवं पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने मां गंगा की विधिवत पूजा-अर्चना कर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम और ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर हरकी पैड़ी के साथ मालवीय घाट, नमामि गंगे घाट समेत विभिन्न गंगा घाटों पर हजारों दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं ने उल्लास के साथ भागीदारी की। मां गंगा की आराधना के दौरान प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने राष्ट्र की सुख-समृद्धि, जनकल्याण और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु की कामना की। उन्होंने कहा कि सेवा और जनकल्याण की भावना को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह अभियान शुरू किया गया है। ‘आशीर्वाद का दीया’ से शुरू हुआ यह सिलसिला 18 अक्टूबर तक सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों के रूप में जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि हरिद्वार की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को जनभागीदारी के माध्यम से और अधिक सशक्त किया जा सकता है। सेवा और राष्ट्रहित के कार्यों में समाज की सक्रिय भागीदारी अभियान को नई ऊर्जा देगी।
स्कूल-कॉलेजों में होंगे रचनात्मक कार्यक्रम
मुख्यमंत्री के निर्देशों और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में शुरू अभियान के तहत जनपद के विकासखंडों और ग्राम पंचायतों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इनमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों ने भाग लिया। जिलाधिकारी के अनुसार 17 सितंबर से 8 अक्टूबर तक विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में ‘मेरा सपनों का भारत’ विषय पर निबंध, चित्रकला, भाषण और पोस्टर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विकसित भारत-2047 तथा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं पर आधारित चित्र प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी।
नुक्कड़ नाटक से लेकर सेवा ज्योति कलश यात्रा तक
अभियान के तहत शैक्षणिक संस्थानों और ग्राम पंचायतों में नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा कार्यों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण और बाल विकास से संबंधित जानकारी दी जाएगी। ‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम में सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की प्रेरक कहानियों को भाषण, चित्रकला और एनीमेटेड वीडियो के माध्यम से साझा किया जाएगा। वहीं ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ निकालकर विकसित भारत-2047 के संकल्प का संदेश प्रमुख स्थानों तक पहुंचाया जाएगा।
‘सेवा मेरा योगदान’ में आमजन की भागीदारी
अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, शिक्षण, रक्तदान और अन्य समाजोपयोगी गतिविधियों में भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा। उद्देश्य सेवा को केवल सरकारी कार्यक्रम न रखकर जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाना है।
ये रहे मौजूद: पूर्व कैबिनेट मंत्री अमृता रावत, अनुसूचित जाति आयोग अध्यक्ष मुकेश कुमार, भाजपा राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट सतीश लखेड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, मेयर किरण जैसल, कार्यक्रम संयोजक एवं राज्य मंत्री सुनील सैनी, राज्यमंत्री नितिन गौतम, पूर्व मेयर मनोज गर्ग, प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बिष्ट, कोषाध्यक्ष अरविंद कुशवाहा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति गुप्ता, महामंत्री संजीव चौधरी, हीरा सिंह बिष्ट, संदीप शर्मा, लव शर्मा, नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी, एसडीएम योगेश मेहरा, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी, आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित श्रीगंगा सभा, शांतिकुंज, आदर्श युवा समिति, दिव्य प्रेम सेवा मिशन, श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।












Leave a Reply