आर. के. जोशी
नोहर। क्षेत्र में गौ सेवा और समाजसेवा के लिए सदैव अग्रणी रहने वाले समाजसेवी परमेश्वर शर्मा ने एक बार फिर मानवता और सेवा का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए गोवंश के लिए दो सौ क्विंटल चारा भेंट किया है। शर्मा द्वारा 100 क्विंटल चारा श्री हरिकृष्ण गौ सेवा समिति तथा 100 क्विंटल चारा श्री कल्याण भूमि गौशाला में समर्पित किया है। समाजसेवी परमेश्वर शर्मा ने बताया कि उन्हें इस पुनीत कार्य की प्रेरणा अपने दादा ओमप्रकाश शर्मा, पिता रामकुमार शर्मा तथा चाचा डॉ. मनोहर लाल शर्मा से मिली है। उन्होंने कहा कि गौसेवा भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है तथा गौमाता की सेवा करना सबसे बड़ा पुण्य कार्य माना जाता है।
विदित रहे कि शर्मा परिवार द्वारा प्रत्येक वर्ष गौशालाओं में चारा, तुड़ी एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवाकर गोवंश की सेवा की जाती रही है। क्षेत्र में गौसेवा के प्रति उनकी यह भावना लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बनी हुई है। श्री हरिकृष्ण गौ सेवा समिति एवं श्री कल्याण गौशाला के संचालकों और पदाधिकारियों ने शर्मा परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती गर्मी और चारे की कमी के बीच यह सहयोग गौशालाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि समाज के सक्षम लोगों को भी इसी प्रकार गौसेवा और जनसेवा के कार्यों में आगे आना चाहिए। परमेश्वर शर्मा केवल गौसेवा ही नहीं बल्कि विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं जनहित के कार्यों में भी निरंतर सक्रिय रहते हैं। कोरोना काल के कठिन समय में भी उन्होंने जरूरतमंद लोगों की सहायता कर समाज सेवा की मिसाल कायम की थी। उस दौरान जरूरतमंद परिवारों तक खाद्य सामग्री, दवाइयाँ एवं अन्य आवश्यक वस्तुएँ पहुँचाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। क्षेत्र के लोगों ने शर्मा परिवार की इस सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं तथा युवाओं को भी सेवा और संस्कारों से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है।











Leave a Reply