गंगा दशहरा स्नान को लेकर प्रशासन अलर्ट, प्रमुख स्थलों पर जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात

Spread the love

ए. गुप्ता

हरिद्वार। गंगा दशहरा पर्व के अवसर पर 25 मई को हरिद्वार में आयोजित होने वाले पवित्र स्नान को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मेला क्षेत्र को विभिन्न जोन एवं सेक्टरों में विभाजित करते हुए प्रमुख स्थलों पर जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी है।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे आपसी समन्वय एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि गंगा दशहरा के अवसर पर देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना है, ऐसे में सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतना आवश्यक है।

हर की पैड़ी सहित प्रमुख घाटों पर विशेष निगरानी

हर की पैड़ी जोन में सचिव एचआरडीए मनीष कुमार सिंह को जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। इस क्षेत्र में हर की पैड़ी, महिला घाट, संजय पुल सहित विभिन्न स्थलों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे।

मालवीय दीप क्षेत्र के लिए उप मेला अधिकारी मनजीत सिंह को जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है, जबकि कांगड़ा पुल और शिव पुल क्षेत्रों में अलग-अलग अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

सुभाष घाट, विष्णु घाट, मोती बाजार और बड़ा बाजार क्षेत्रों में भी प्रशासन ने विशेष निगरानी व्यवस्था की है। मनसा देवी मंदिर, पैदल मार्ग और हिल बाईपास क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अलग से अधिकारियों की तैनाती की गई है।

पार्किंग, ट्रैफिक और भीड़ नियंत्रण पर फोकस

ऋषिकुल मैदान, रोडी बेलवाला, खड़खड़ी, सप्तऋषि, कनखल, सिंहद्वार और चंडी देवी क्षेत्रों में पार्किंग एवं ट्रैफिक व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। भीमगोड़ा, भूपतवाला, चंडी घाट पार्किंग और चिड़ियापुर बैरियर क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी रखी जाएगी।

प्रशासन ने चंडी देवी मंदिर, मनसा देवी मंदिर और हर की पैड़ी जैसे संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

24 घंटे कंट्रोल रूम स्थापित

रोशनाबाद स्थित आपदा प्रबंधन कार्यालय में 24×7 नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जिसकी प्रभारी श्रीमती मीरा रावत होंगी।

अपर जिला मजिस्ट्रेट (प्रशासन) फिंचा राम चौहान को संपूर्ण जनपद की कानून एवं शांति व्यवस्था का प्रभारी बनाया गया है। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सुरक्षा, ट्रैफिक एवं भीड़ नियंत्रण व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्य चिकित्साधिकारी को स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु रखने तथा नगर निगम को साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

श्रद्धालुओं से प्रशासन की अपील

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने श्रद्धालुओं से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से गंगा दशहरा स्नान पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *