कुंभ मेला-2027 की तैयारियों में समयबद्धता और जवाबदेही सुनिश्चित करें सभी विभाग : आयुक्त आनंद स्वरूप

Spread the love

अमित कुमार 

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को गति देने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में सीसीआर सभागार में उच्च स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य सरकार, केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों, एजेंसियों और संबंधित संस्थाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों एवं प्रस्तावित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में आयुक्त आनंद स्वरूप ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने दायित्वों से जुड़े कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करें तथा प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला-2027 केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि राज्य की प्रतिष्ठा और करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। इसलिए योजनाओं को कागजों तक सीमित न रखते हुए उन्हें धरातल पर उतारने के लिए तेजी से कार्य किया जाए। आयुक्त ने कहा कि तैयारियों की नियमित निगरानी के लिए प्रत्येक माह उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।

उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी बैठकों में संबंधित विभागों के नामित नोडल अधिकारी ही प्रतिभाग करें। नोडल अधिकारी ऐसा होना चाहिए जिसे विभागीय योजनाओं और कार्यों की संपूर्ण जानकारी हो, ताकि निर्णय प्रक्रिया प्रभावी और परिणामोन्मुखी बन सके। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला की व्यवस्थाओं में विभिन्न विभागों की भूमिका आपस में जुड़ी हुई है। इसलिए सभी विभाग बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करें। साथ ही रेलवे, परिवहन एवं अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए। संभावित आपात स्थितियों को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्थाएं और आपदा प्रबंधन योजनाएं भी पहले से तैयार रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में मेलाधिकारी सोनिका ने वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग करते हुए कुंभ मेले की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रेल एवं सड़क परिवहन व्यवस्था, आपदा प्रबंधन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं से संबंधित कार्ययोजनाओं को शीघ्र अंतिम रूप दिया जाना चाहिए। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल की मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) विनीता श्रीवास्तव ने भी ऑनलाइन माध्यम से जुड़कर रेलवे की प्रस्तावित तैयारियों की जानकारी साझा की। बैठक में जिलाधिकारी देहरादून आशीष चौहान, जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित, एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर, एसएसपी (कुंभ) आयुष अग्रवाल तथा एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोबाल ने भी कुंभ मेला-2027 की व्यवस्थाओं को लेकर अपने सुझाव प्रस्तुत किए। इस अवसर पर नगर आयुक्त नंदन कुमार ने सफाई, सैनिटेशन एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की तैयारियों की जानकारी दी, जबकि अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने कुंभ मेला-2027 के लिए स्वीकृत कार्यों और उनकी प्रगति पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। बैठक में मेला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कुमार वर्मा, रेलवे के एडीआरएम पी.एस. झा, वित्त नियंत्रक लखेन्द्र गौथियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी अपनी तैयारियों और कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। बैठक में राज्य एवं केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के अलावा टिहरी और पौड़ी गढ़वाल जनपदों के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने भी वर्चुअल माध्यम से सहभागिता की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *