पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आई 47वीं बटालियन, जवानों ने किया पौधारोपण

Spread the love

पी के गुप्ता

गया। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 47वीं बटालियन सीआरपीएफ मुख्यालय में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत अधिकारियों और जवानों ने परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ 47वीं बटालियन के कमांडेंट अवधेश कुमार ने पौधारोपण कर किया। इसके बाद बटालियन के अधिकारियों एवं जवानों ने भी सक्रिय भागीदारी करते हुए बड़ी संख्या में पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर कमांडेंट अवधेश कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन से पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है। ऐसे में अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर हरित क्षेत्र का विस्तार करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पौधा पर्यावरण की सुरक्षा का प्रहरी है। पेड़-पौधे न केवल हमें शुद्ध वायु प्रदान करते हैं, बल्कि जैव विविधता के संरक्षण, भू-क्षरण रोकने और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों, जवानों और आम नागरिकों से अपील की कि केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहें, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएं। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और हरित जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता संदेश भी दिए गए। अंत में सभी अधिकारियों और जवानों ने पर्यावरण को स्वच्छ, सुरक्षित और हराभरा बनाए रखने का संकल्प लिया। इस आयोजन के माध्यम से 47वीं बटालियन सीआरपीएफ ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय देते हुए समाज को भी प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *