अमित कुमार
हरिद्वार। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के गढ़वाल मंडल कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन प्रेस क्लब सभागार में प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र पंत की अध्यक्षता में किया गया। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव त्रिलोक त्यागी का कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए त्रिलोक त्यागी ने कहा कि भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह ने अपना संपूर्ण जीवन किसानों, मजदूरों, युवाओं और आमजन के हितों के लिए समर्पित किया। उनकी विचारधारा आज भी समाज को सही दिशा देने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह उन विरले नेताओं में शामिल थे जिन्होंने कभी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया और हमेशा भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई। श्री त्यागी ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह ने भी किसानों और मजदूरों के हित में कई महत्वपूर्ण कार्य किए। वर्तमान में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत चौधरी उनकी विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए शिक्षा, कौशल विकास और खेलों के माध्यम से युवाओं एवं महिलाओं को सशक्त बनाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जयंत चौधरी का जल्द ही देहरादून दौरा प्रस्तावित है, जिसके सफल आयोजन के लिए सभी कार्यकर्ताओं को अभी से तैयारियों में जुटना होगा। त्रिलोक त्यागी ने दावा किया कि वर्ष 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय लोकदल मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगा और सरकार गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। राष्ट्रीय सचिव एवं एससी-एसटी प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय प्रभारी प्रबुद्ध कुमार ने कहा कि भारत रत्न चौधरी चरण सिंह और डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों में काफी समानता थी।
दोनों महान व्यक्तित्वों ने समाज के वंचित, शोषित और किसान वर्ग के उत्थान के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र पंत ने सम्मेलन में उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड में राष्ट्रीय लोकदल का संगठन लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनावों में पार्टी प्रभावशाली भूमिका निभाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि जयंत चौधरी के प्रस्तावित देहरादून कार्यक्रम को भव्य स्वरूप दिया जाएगा और चौधरी चरण सिंह की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान निरंतर जारी रहेगा। प्रदेश मीडिया प्रभारी निशांत चौधरी ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने उत्तर प्रदेश में विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए तत्कालीन पर्वतीय क्षेत्र, वर्तमान उत्तराखंड, के लिए भूमि और वन संबंधी कई महत्वपूर्ण सुधार किए थे, जिनका लाभ आज भी प्रदेश को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी इन ऐतिहासिक योगदानों को जनता तक पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाएगी। सम्मेलन में प्रदेश कोषाध्यक्ष प्रमोद डोभाल, प्रदेश सचिव आरती जायसवाल, रूपाली चौधरी, एससी-एसटी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष उदयवीर सिंह राजा, प्रदेश महासचिव लोकेश सैनी, जिलाध्यक्ष राजीव चौधरी, प्रदेश सचिव डॉ. योगेंद्र उनियाल, विक्रम रावत, खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सिद्धांत चौधरी, युवा लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष शैलेंद्र पवार, उबैदर रहमान सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











Leave a Reply