अमित कुमार
हरिद्वार। केयर कॉलेज के बीएमआरआईटी (बैच 2025-26) प्रथम वर्ष का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया है। परीक्षा में छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संस्थान का नाम रोशन किया। परिणाम घोषित होने के बाद कॉलेज परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल रहा। सफल विद्यार्थियों को कॉलेज प्रबंधन एवं शिक्षकों ने बधाई देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। जारी मेरिट सूची के अनुसार दीक्षा सत्यावली ने 79 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। कार्तिका ने 76 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि संध्या यादव और प्रिया ने 74-74 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया। परीक्षा परिणाम में छात्राओं का दबदबा देखने को मिला, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया। परिणाम घोषित होने के बाद कॉलेज में मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। इस दौरान शिक्षकों और प्रबंधन ने विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर उनकी सफलता का उत्सव मनाया। शिक्षकों ने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयासों का परिणाम है। कॉलेज की डायरेक्टर प्रीतशिखा शर्मा ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह परिणाम संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था और छात्रों की लगन का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव साबित होगी। उन्होंने छात्रों को आगे भी इसी समर्पण और मेहनत के साथ अपने लक्ष्यों की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया। मैनेजिंग डायरेक्टर राजकुमार शर्मा ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को परीक्षा में सफल बनाना नहीं, बल्कि उन्हें कुशल, संवेदनशील और जिम्मेदार स्वास्थ्य पेशेवर के रूप में तैयार करना है। उन्होंने कहा कि छात्रों की उपलब्धि पूरे कॉलेज परिवार के लिए गर्व का विषय है और भविष्य में भी ऐसे उत्कृष्ट परिणामों की उम्मीद है। कॉलेज प्रशासन ने सभी सफल विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वर्णिम भविष्य की कामना की। साथ ही विश्वास व्यक्त किया कि छात्र आगामी वर्षों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कॉलेज, अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।











Leave a Reply