एस. गुप्ता
हरिद्वार। जनपद में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में उप जिलाधिकारी लक्सर अनिल कुमार शुक्ला के नेतृत्व में लक्सर तहसील क्षेत्रांतर्गत गोवर्धनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। तहसील प्रशासन एवं पुलिस बल की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे किए गए 35 से अधिक अवैध अतिक्रमणों को हटाया। इस दौरान सार्वजनिक मार्ग एवं नालियों पर अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 81 पुलिस एक्ट के तहत 13 लोगों के चालान भी किए गए। जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों, नगर निकायों एवं संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि सरकारी भूमि, सड़क, फुटपाथ और नालियों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न होने दिया जाए।
जहां भी अवैध कब्जे या अतिक्रमण पाए जाएं, उन्हें तत्काल हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अभियान के दौरान जिला प्रशासन एवं नगर पंचायत की ओर से लोगों को चेतावनी दी गई कि भविष्य में नालियों के ऊपर अथवा उनकी सीमा से बाहर किसी भी प्रकार की निर्माण सामग्री, व्यावसायिक सामान या अन्य वस्तुएं रखे जाने पर उन्हें तत्काल जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बार-बार अतिक्रमण करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनहित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिक्रमण हटाओ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अभियान के दौरान तहसील प्रशासन, नगर पंचायत, पुलिस विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।












Leave a Reply