मोदी सरकार के 12 साल झूठ का पुलिंदा, देश बेरोजगारी और महंगाई से त्रस्त : आलोक शर्मा

Spread the love

अमित कुमार

हरिद्वार। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल पर तीखा हमला बोलते हुए इसे “झूठ का पुलिंदा” करार दिया। उन्होंने कहा कि देश का युवा बेरोजगारी से जूझ रहा है, जनता महंगाई के बोझ तले दबी हुई है, किसानों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है और पेपर लीक जैसे मामलों ने युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है।

इसके बावजूद भाजपा इन 12 वर्षों को विकास, विश्वास और जनकल्याण का काल बता रही है। हरिद्वार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान आलोक शर्मा ने कहा कि मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों के कारण देश पर कर्ज कई गुना बढ़ गया है। उन्होंने दावा किया कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल में भारत की अर्थव्यवस्था वैश्विक स्तर पर पांचवें स्थान पर थी, जबकि वर्तमान सरकार की नीतियों से आर्थिक स्थिति प्रभावित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की अर्थव्यवस्था का लाभ कुछ चुनिंदा उद्योगपतियों तक सीमित कर दिया गया है और बड़े आर्थिक घोटालों के आरोपी देश छोड़कर फरार हो गए। उन्होंने उत्तराखंड में पलायन, बेरोजगारी और सरकारी परिसंपत्तियों के निजीकरण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार को इन विषयों पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कई सार्वजनिक संस्थानों को निजी हाथों में सौंपा गया है। विदेश नीति को लेकर भी कांग्रेस प्रवक्ता ने केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की कूटनीतिक स्थिति कमजोर हुई है और कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार प्रभावी भूमिका निभाने में असफल रही है। उन्होंने अमेरिका, चीन और रूस से जुड़े मामलों का उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार की विदेश नीति पर सवाल उठाए। आलोक शर्मा ने कहा कि रोजगार और शिक्षा के क्षेत्र में भी सरकार अपेक्षित परिणाम देने में विफल रही है। उन्होंने विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि कौशल विकास योजनाओं के लिए आवंटित बजट का बड़ा हिस्सा खर्च ही नहीं किया जा सका।

महिला सुरक्षा के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सरकार महिला सशक्तिकरण के दावे करती है, लेकिन महिलाओं के खिलाफ अपराधों में कमी नहीं आई है। उन्होंने कहा कि देश का विकास आर्थिक मजबूती, सामाजिक समरसता, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रभावी विदेश नीति से होता है, न कि केवल राजनीतिक नारों से। राम मंदिर से जुड़े कथित चढ़ावा प्रकरण का उल्लेख करते हुए आलोक शर्मा ने निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी पारदर्शी जांच होनी चाहिए। प्रेस वार्ता में वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोम त्यागी, मनोज सैनी, राजबीर चौहान, रवीश भाटिया, मनोज जाटव, समर्थ अग्रवाल, मोहन राणा, सार्थक ठाकुर, सागर बेनीवाल, विशाल प्रधान सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *