उत्तराखंड में दो लाख करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाएं संचालित, कुम्भ-2027 की तैयारियां तेज
एस. गुप्ता
हरिद्वार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रेस क्लब हरिद्वार में आयोजित प्रेस वार्ता में जनपद प्रभारी एवं प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में देवभूमि उत्तराखंड भी विकास और नवोदय के नए संकल्पों को साकार कर रही है। सतपाल महाराज ने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ देश के करोड़ों लोगों तक पहुंचा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चार करोड़ से अधिक पक्के मकानों का निर्माण किया गया है, जबकि 81 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन और 60 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की जा रही है।
उन्होंने बताया कि हर घर नल से जल योजना के माध्यम से देश के 16 करोड़ से अधिक घरों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत आज डिजिटल लेन-देन, रक्षा उत्पादन, अंतरिक्ष अनुसंधान, स्टार्टअप और सेमीकंडक्टर निर्माण जैसे क्षेत्रों में वैश्विक पहचान बना चुका है। दुनिया के कुल डिजिटल लेन-देन का 56 प्रतिशत भारत में होना देश की बढ़ती तकनीकी क्षमता और डिजिटल क्रांति का प्रमाण है। उत्तराखंड के विकास पर प्रकाश डालते हुए सतपाल महाराज ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना तथा अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण तेजी से किया जा रहा है। जॉलीग्रांट, पंतनगर और पिथौरागढ़ हवाई अड्डों के विस्तार के साथ-साथ हेलीपोर्ट और रोपवे परियोजनाओं के विकास से पर्यटन और तीर्थाटन को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि केदारनाथ एवं बदरीनाथ धाम के पुनर्विकास कार्य, जमरानी, सौंग और लखवाड़ जैसी बहुउद्देशीय परियोजनाएं तथा एम्स ऋषिकेश में शुरू की गई देश की पहली हेली एम्बुलेंस सेवा प्रदेश के विकास को नई दिशा दे रही हैं। सतपाल महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हरिद्वार जनपद में भी विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना है और यूसीसी पंजीकरण में हरिद्वार जनपद प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। उन्होंने बताया कि नीति आयोग द्वारा हरिद्वार को आकांक्षी जनपद कार्यक्रम में शामिल किया गया है। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत आयोजित 58 शिविरों में लगभग 1950 शिकायतों का समाधान किया गया तथा हजारों लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि विभिन्न घाटों, सड़कों, पुलों एवं संपर्क मार्गों के निर्माण कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। साथ ही हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण द्वारा खेल एवं आधारभूत संरचना विकास से संबंधित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन तथा स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से लाखों लोगों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों से विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में सहभागी बनने का आह्वान किया। प्रेस वार्ता के उपरांत कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने विकासखंड बहादराबाद के सहदेवपुर गांव में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लिया। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तराखंड के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए अनार, लीची, अमरूद एवं चीकू के फलदार पौधों का रोपण किया। इस अवसर पर सतपाल महाराज ने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और पोषण सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, दायित्वधारी राज्य मंत्री डॉ. जयपाल सिंह चौहान, जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रम भुल्लर, मनोज गौतम, प्रेस क्लब हरिद्वार के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पत्रकार एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











Leave a Reply