ए. गुप्ता
हरिद्वार। भारत विकास परिषद समाज में संपर्क, संस्कार एवं सहयोग की भावना को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रेरणादायक कार्य कर रही है। परिषद वंचित एवं जरूरतमंद वर्ग के लोगों के लिए विभिन्न सेवा प्रकल्पों के माध्यम से सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ा रही है। बाईपास रोड स्थित एक होटल में आयोजित परिषद की प्रवास बैठक को संबोधित करते हुए प्रांतीय अध्यक्ष मनीषा सिंघल ने कहा कि व्यक्ति संगठन के प्रति समर्पित रहकर ही मानवता एवं समाज सेवा के अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन कर सकता है। उन्होंने परिषद के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए सभी सदस्यों से समाज हित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। बैठक का संचालन करते हुए प्रांतीय महासचिव संजय गर्ग ने कहा कि परिषद से जुड़ा प्रत्येक सदस्य सेवा भाव से प्रेरित होकर कार्य करता है। उन्होंने बताया कि व्यस्त जीवनशैली के बावजूद परिषद के सदस्य सामाजिक गतिविधियों के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी निरंतर योगदान दे रहे हैं तथा नियमित रूप से वृक्षारोपण अभियान संचालित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाज और संगठन के साथ जुड़कर ही व्यक्ति के सामाजिक एवं व्यक्तिगत व्यक्तित्व का समग्र विकास संभव है। प्रांतीय उपाध्यक्ष ललित पांडे ने कहा कि परिषद की सभी शाखाओं को सदस्यता विस्तार अभियान के तहत अपनी सदस्य संख्या में कम से कम 25 प्रतिशत की वृद्धि का लक्ष्य प्राप्त करना है। बैठक में परिषद के आगामी कार्यक्रमों, सेवा परियोजनाओं एवं संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर प्रांतीय संगठन मंत्री निखिल वर्मा, प्रांतीय संयोजक प्रचार-प्रसार एडवोकेट कुशल पाल सिंह चौहान, उपाध्यक्ष रश्मि चौहान, कुशल श्रीवास्तव, द्विजेंद्र पंत सहित परिषद की विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।












Leave a Reply