पीएम स्वनिधि योजना के तहत अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को ऋण उपलब्ध कराया जाए : वैभव गुप्ता

Spread the love

अमित कुमार

हरिद्वार। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को ऋण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जिला कार्यालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता ने की। बैठक में अपर जिलाधिकारी ने नगर निगम, नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों द्वारा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष लाभार्थियों को उपलब्ध कराए गए ऋण की समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए तथा विशेष शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को योजना से जोड़ा जाए, ताकि शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अधिक से अधिक लोगों को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही लीड बैंक अधिकारी को निर्देशित किया कि बैंकों में प्राप्त आवेदनों पर अनावश्यक आपत्तियां न लगाई जाएं तथा पात्र आवेदकों को अधिकाधिक ऋण स्वीकृत किया जाए। बैठक के दौरान यह भी जानकारी दी गई कि भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) का पोर्टल तकनीकी कारणों से संचालित नहीं होने के चलते कई आवेदन लंबित पड़े हुए हैं। इस पर अपर जिलाधिकारी ने लीड बैंक अधिकारी को एसबीआई से पत्राचार कर समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में एलडीएम दिनेश गुप्ता, टीएस-एसएनए नगर निगम श्याम सुंदर प्रसाद, खंड विकास अधिकारी रुड़की सुमन कुटियाल, अधिशासी अधिकारी प्रियंका ध्यानी, अंकित राणा, रोहित पंवार, मंजू चौहान, उत्तम सिंह नेगी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *